जस्टिस जसमीत सिंह और अमित बंसल ने ली दिल्ली HC के जज के रूप में शपथ

न्यायमूर्ति जसमीत सिंह और अमित बंसल ने बुधवार को दिल्ली उच्च न्यायालय के नये न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। दिल्ली उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश डी एन पटेल ने उन्हें पद की शपथ दिलायी। शपथ ग्रहण समारोह में उच्च न्यायालय के न्यायाधीश तथा न्यायमूर्ति सिंह और न्यायमूर्ति बंसल के परिवार के सदस्य शामिल हुए।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने दोनों न्यायाधीशों की नियुक्ति की अधिसूचना 22 फरवरी को जारी की थी। न्यायमूर्ति सिंह के पास 27 साल का अनुभव है। वह 1992 से दिल्ली उच्च न्यायालय और अधीनस्थ न्यायालयों में वकालत करते रहे हैं। वह संवैधानिक, सिविल, श्रम, सेवा और वैवाहिक संबंधों से जुड़े मामले देखते रहे हैं। सेवा और नागरिक कानून में उनकी विशेषज्ञता है।
न्यायमूर्ति बंसल को शिक्षा कानून, मध्यस्थता कानून, अप्रत्यक्ष कर कानून, सेवा कानून आदि में विशेषज्ञता प्राप्त है। उन्होंने केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड के वरिष्ठ स्थायी अधिवक्ता, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के स्थायी अधिवक्ता एवं कानूनी सलाहकार, राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी के अतिरिक्त स्थायी अधिवक्ता तथा एनडीएमसी में अतिरिक्त स्थायी अधिवक्ता के तौर पर सेवाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *