जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे का निधन, बीच सड़क में भाषण के दौरान मारी गई थी गोली

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की गोली लगने से मौत हो गई है। नारा शहर में उन पर एक शख्स ने पीछे से गोली चला दी थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। शिंजो आबे पर जब ये हमला हुआ तब हुआ जब वह एक छोटी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। बताया गया है कि गोली लगने के बाद उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिसके चलते उनकी मौत हो गई। न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने जापान का एनएचके वर्ल्ड न्यूज के हवाले से बताया कि अधिकारियों का कहना है कि जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की मृत्यु हो गई है। कथित तौर पर उन्हें क्योटो के पास नारा शहर में शुक्रवार को एक भाषण के दौरान गोली मार दी गई थी। बता दें कि शिंजो आबे को गोली लगने के बाद तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां करीब चार से पांच घंटे तक उनका इलाज चला, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं पाए। उन पर हुए इस हमले की हर तरफ निंदा हो रही है और दुनियाभर के तमाम बड़े नेताओं ने उनके जल्द ठीक होने की कामना भी की थी। बताया गया है कि हमलावर ने पीछे से शिंजो आबे को दो गोलियां मारीं, जिसके बाद आबे जमीन पर गिर गए। वहां मौजूद लोगों ने शिंजो आबे को सीपीआर देने की कोशिश भी की, जिसके बाद उन्हें नाजुक हालत में तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। हमलावर को पुलिस ने मौके से ही गिरफ्तार कर लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *