दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने दिया इस्तीफा, निजी कारणों का दिया हवाला

दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने बुधवार को इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को सौंप दिया है। न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि बैजल ने इस्तीफे के पीछे की वजह निजी कारण बताए हैं। बता दें कि नजीब जंग के बाद अनिल बैजल दिल्ली के एलजी बने थे। पूर्व आईएएस अधिकारी बैजल को 31 दिसंबर 2016 को उप-राज्यपाल नियुक्त किया गया था। उप-राज्यपाल बैजल और दिल्ली में शासित आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के बीच विभिन्न मुद्दों पर हमेशा से ही तनातनी रही है। इस साल भी कोरोना की चौथी लहर के दौरान ऑड-ईवन नियम पर दिल्ली सरकार और एलजी में एकराय नहीं बनी थी। इस दौरान एलजी अनिल बैजल ने केजरीवाल सरकार के प्रस्ताव को मानने से इनकार कर दिया था। 30 दिसंबर 2021 को बैजल का कार्यकाल पूरा हो गया था लेकिन उन्हें सेवा में विस्तार दिया गया था। वह पांच साल तक दिल्ली के उपराज्यपाल रहे। अधिकारों को लेकर भी दिल्ली के सीएम केजरीवाल और एलजी के बीच विवाद होता रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *