दो लोगों की संदिग्ध गतिविधि पर मुकेश अंबानी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई

रणघोष अपडेट. देशभर से 

दो लोगों की संदिग्ध गतिविधि को लेकर मुकेश अंबानी के मुंबई स्थित घर एंटीलिया के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रिपोर्ट है कि पुलिस को दो लोगों के इस बारे में पूछताछ करने की सूचना मिली थी। मुंबई पुलिस ने कहा है कि इमारत के आसपास के सीसीटीवी फुटेज की भी जाँच की जा रही है। पुलिस ने मीडिया को बताया कि पुलिस को एक टैक्सी ड्राइवर का फोन आया कि दो लोगों ने मुकेश अंबानी के आवास एंटीलिया का पता मांगा। रिपोर्ट के अनुसार टैक्सी चालक ने अपने बयान में यह भी कहा कि पता पूछने वालों के हाथों में एक बड़ा बैग था। टैक्सी ट्राइवर ने इसको लेकर तुरत पुलिस को सूचना दी।  इससे पहले इसी साल फ़रवरी में मुकेश अंबानी के आवास एंटीलिया के आसपास इस तरह की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। तब मुंबई में हड़कंप मच गया था। तब एंटीलिया के आसपास ही एक संदिग्ध कार में विस्फोटक पदार्थ मिले थे। जहाँ कार पार्क की हुई थी वह जगह मुकेश अंबानी के घर से कुछ ही दूरी पर थी। वह जगह हाई सिक्योरिटी क्षेत्र में आती है। तब बम को निष्क्रिय करने वाली टीम और मुंबई पुलिस मौक़े पर पहुँची और उस कार व उसमें भरे विस्फोटक पदार्थ को कब्जे में लिया था।तब जो गाड़ी मिली थी वह सिल्वर कलर की स्कॉर्पियो कार थी और उसमें 20 जिलेटिन छड़ें बरामद हुई थीं। जिलेटिन एक विस्फोटक सामग्री है। जिलेटिन का उपयोग गिट्टी क्रशर पर चट्टानों को तोड़ने के लिए किया जाता है। पहाड़ों को तोड़ने के लिए भी विस्फोटक के तौर पर इसका इस्तेमाल किया जाता है। यह धीरे-धीरे जलता है और आमतौर पर बिना डेटोनेटर्स के विस्फोट नहीं कर सकता। इस मामले की जाँच अभी भी जारी है। इसकी आँच पुलिस तक पहुँच चुकी है। इस मामले में पुलिस अधिकारी सचिन वाज़े को उस स्कॉर्पियो के मालिक मनसुख हिरेन की हत्या के संबंध में बर्खास्त और गिरफ्तार किया गया है।बता दें कि मुकेश अंबानी के घर के पास कार मिलने के कुछ दिनों बाद ही मनसुख हिरेन की हत्या कर दी गई थी। रिपोर्ट में कहा गया है कि जांच का जिम्मा संभालने वाली राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने यह भी पाया कि सचिन वाज़े ने विस्फोटक खरीदे थे और एसयूवी को मुकेश अंबानी के घर के पास पार्क किया था। विस्फोटक सामग्री के मामले में ही पूर्व एनकाउंटर स्पेशलिस्ट प्रदीप शर्मा को भी एनआईए ने गिरफ़्तार किया है। शर्मा को कुछ लोग एंटीलिया मामले में आरोपी और पूर्व एसिस्टेंट इंस्पेक्टर सचिन वाज़े के गुरु के तौर पर भी देखते हैं। एनआईए ने पहले संकेत दिए थे कि प्रदीप शर्मा उसके निशाने पर हैं। ऐसा इसलिए तो था ही कि उनका संबंध सचिन वाज़े से था, इसलिए भी कि अपराध के बाद शर्मा आरोपी से मिले थे। उनसे अप्रैल महीने में भी पूछताछ की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *