नप चुनाव की तस्वीर

 पूर्व मंत्री कप्तान अजय यादव का आरोप, ईवीएम में गड़बड़ी कर जीती भाजपा प्रत्याशी


 रणघोष अपडेट. रेवाड़ी


नगर परिषद चुनाव के आए नतीजो पर पूर्व मंत्री कैप्टेन अजय सिंह यादव ने असंतुष्टि जताते हुए कहा कि 31 वार्डों में से भारतीय जनता पार्टी के मात्र 7 पार्षद ही जीत कर आए हैं, जबकि कांग्रेस समर्थित 12 से अधिक पार्षद जीते हैं और बाकि निर्दलीय जीतकर आए हैं। ऐसे में चेयरपर्सन की प्रत्याशी को 25 हजार वोट कैसे गई, यह सब ईवीएम का खेल है और जब तक ईवीएम रहेगी तब तक लोकतंत्र की हत्या होती रहेगी। यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की यह आश्चर्य जनक हार है। ऐसा कभी नही हो सकता कि सबसे ज्यादा कांग्रेस समर्थित पार्षद जीतने के बाद भी भाजपा की जीत हुई हो। यादव ने कहा कि जनता हमारे साथ है। जनता ने हमेशा कांग्रेस पार्टी का साथ दिया है, विधानसभा चुनाव में भी जनता ने चिरंजीव राव का जीताकर यह दिखा दिया था कि जनता भाजपा को पसंद नही करती है। लेकिन भाजपा से हार बर्दाश्त नही होती इसलिए भाजपा लोकतंत्र की हत्या कर रही है। कैप्टेन अजय सिंह यादव ने कहा कि नगर परिषद चुनाव रेवाडी में जीतने वाले चेयरपर्सन, धारूहेडा में जीतने वाले चेयरमैन दोनों जगह जीते सभी पार्षदों को मैं शुभकामनाएं देता हूं। हमारे जीतने वाले सभी पार्षद विपक्ष की भूमिका निभाएगें और जनजन की आवाज को उठाएगें। कैप्टेन अजय सिंह ने कहा कि मेरी सभी पार्षदों से अपील है कि सभी पार्षद रेवाडी के विकास के लिए कार्य करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम यादव का साथ सहयोग देने वाले, जिन्होंने कांग्रेस पार्टी के पक्ष में मतदान किया और कांग्रेस पार्टी में आस्था दिखाई मैं उन सभी का धन्यवाद करता हूं। मैं, सभी कार्यकर्ताओं, अधिकारी, पुलिस सुरक्षा कर्मियों का धन्यवाद करता हूं जिन्होंने रेवाडी में शांति पूर्वक मतदान करवाया है। जनता ने विक्रम यादव को विपक्ष में बैठाकर जो जिम्मेदारी सौंपी है उसको वे बखूबी निभाएंगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *