नोएडा: गालीबाज नेता त्यागी के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर

रणघोष अपडेट. यूपी से


नोएडा की एक सोसाइटी में महिला से अभद्रता करने के आरोपी श्रीकांत त्यागी के अवैध निर्माण पर नोएडा प्राधिकरण ने सोमवार को बुलडोजर चला दिया है। बता दें कि श्रीकांत त्यागी का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वह सेक्टर 93b में स्थित ओमेक्स ग्रैंड सोसायटी की एक महिला के साथ बदसलूकी करता हुआ दिखाई दिया था। इसके बाद से ही उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें छापेमारी कर रही हैं लेकिन वह अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। बताया जा रहा है कि श्रीकांत त्यागी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार संभावित ठिकानों को बदल रहा है। मामले में लापरवाही बरतने के लिए पुलिस के नोएडा फेस 2 के थाना इंचार्ज को सस्पेंड कर दिया है। इस मामले में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी ट्वीट किया है।

त्यागी के समर्थकों का हंगामा


उधर, रविवार को इस सोसाइटी में श्रीकांत त्यागी के समर्थकों ने हंगामा किया और उस महिला का पता पूछा जिसके साथ श्रीकांत त्यागी की बहस हुई थी। इस दौरान मौके पर गौतम बुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा भी पहुंचे और उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात पर शर्मिंदगी महसूस हो रही है कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी की सरकार है। पुलिस ने हंगामा करने वाले 6 लोगों को हिरासत में ले लिया है। श्रीकांत त्यागी के समर्थकों के द्वारा हंगामा करने के बाद सोसाइटी के लोग बेहद गुस्से में आ गए और उन्होंने पुलिस पर त्यागी के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। पुलिस ने सख्ती बरतते हुए श्रीकांत त्यागी पर गैंगस्टर एक्ट लगा दिया है। स्थानीय लोगों ने कहा कि वे यहां सुरक्षित नहीं हैं। श्रीकांत त्यागी के बारे में कहा जाता है कि उसका उत्तर प्रदेश सरकार में अच्छा खासा रसूख है और उसे कुछ सरकारी गनर भी मिले हुए थे।श्रीकांत त्यागी ने खुद को बीजेपी के किसान मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य बताया है लेकिन बीजेपी का कहना है कि वह उसकी कार्यकारिणी का सदस्य नहीं है। श्रीकांत त्यागी मूल रूप से मुरादनगर विधानसभा का रहने वाला है।

वायरल हुआ था वीडियो


श्रीकांत त्यागी का जो वीडियो सामने आया था उसमें दिख रहा था कि वह सोसाइटी की एक महिला से अभद्रता कर रहा है और उन्हें रोकने आए लोगों से भी श्रीकांत त्यागी ने बदतमीजी की। इस दौरान श्रीकांत त्यागी ने उस महिला के पति की जाति का नाम लेकर गाली दी थी। श्रीकांत त्यागी ने उस महिला से धक्का-मुक्की भी की थी।बदतमीजी के दौरान श्रीकांत त्यागी ने उस महिला से कहा था कि यह उसकी प्रॉपर्टी है तब महिला ने उससे पूछा कि यह प्रॉपर्टी उसकी कैसे है। इस दौरान वह महिला से कहता है कि वह उसके बारे में सब कुछ जानता है।

क्या है शिकायत?


श्रीकांत त्यागी के खिलाफ शिकायत है कि उसने सोसाइटी के पार्क पर अवैध तरीके से कब्जा कर लिया है। इससे सोसाइटी के दूसरे लोगों को परेशानी हो रही है। श्रीकांत त्यागी को इस संबंध में नोटिस भी दिया जा चुका है लेकिन उसने पार्क से अवैध कब्जा नहीं हटाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *