पंजाब: कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची में आजाद, तिवारी को नहीं मिली जगह

पंजाब के विधानसभा चुनाव के लिए जारी की गई कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची में वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद और सांसद मनीष तिवारी को जगह नहीं मिली है। कांग्रेस ने पंजाब के लिए 30 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। इसमें सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा के अलावा बिहार से आने वालीं पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी को तक जगह मिली है। लेकिन पंजाब में कांग्रेस के लिए लंबे वक्त तक काम कर चुके गुलाम नबी आजाद के साथ ही पंजाब की आनंदपुर साहिब लोकसभा सीट से सांसद मनीष तिवारी को पार्टी ने स्टार प्रचारकों में शामिल नहीं किया है।बताना होगा कि गुलाम नबी आजाद और मनीष तिवारी कांग्रेस में असंतुष्ट नेताओं के समूह जी-23 का हिस्सा हैं। मनीष तिवारी ने इस मामले में प्रतिक्रिया दी है और कहा है कि इसकी वजह अब सार्वजनिक हो गई है।कुछ दिन पहले जब गुलाम नबी आजाद को केंद्र सरकार ने पद्म भूषण अवार्ड से सम्मानित किया था तो इसे लेकर कांग्रेस में ही नेताओं के अलग-अलग सुर सामने आए थे। आजाद को पद्म भूषण मिलने पर जी-23 के नेताओं ने बधाई दी थी जबकि कांग्रेस का केंद्रीय नेतृत्व इस मामले में चुप रहा था। उधर, पंजाब कांग्रेस में सीएम के चेहरे के एलान की घड़ी नजदीक आ गई है। 6 फरवरी को एक वर्चुअल रैली के जरिए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पंजाब में कांग्रेस का सीएम चेहरा कौन होगा, इसका एलान करेंगे। खबरों के मुताबिक, मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी इस दौड़ में काफी आगे हैं लेकिन प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने बगावती तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *