पुलिस को छका पार्क की दीवार फांद नारेबाजी करते किसान पहुंचे भाजपा के कार्यक्रम में

किसानों ने कहा भाजपा का उपवास कार्यक्रम महज ढोंग


रणघोष अपडेट. चरखी दादरी


20201219_162706

एसवाईएल के पानी की मांग को लेकर भाजपा का तय कार्यक्रम आज किसानों के विरोध की भेंट चढ़ गया और मजबूरन उन्हें रोज गार्डन में ताले के भीतर उपवास रखना पड़ा। किसानों ने पार्क के भीतर जाने का प्रयास किया इस बीच उनकी प्रशासनिक अधिकारियों से तीखी नोंक झोंक हुई पर किसानों को अंदर नहीं जाने दिया। विरोधस्वरूप किसान  बाहर ही बैठ गए और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। थोड़ी देर बार पुलिस को छकाकर किसान पार्क के दूसरे सिरे से दीवार फांदकर तीन कृषि कानून वापिस लो, एमएसपी की गारंटी दो, मोदी सरकार होश में आओ की नारेबाजी करते हुए  भाजपा के कार्यक्रम में पंहुचे जिससे एक बार अफरातफरी मच गई।
                 निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक भाजपा जिला प्रधान और अन्य पदाधिकारी एसवाईएल मुद्दे पर किसानों से संवाद करने और एक दिन का उपवास रखने रोज गार्डन पहुंचे थे। इस बीच कई किसान पार्क के बाहर पहुंच गए और जैसे ही वो अंदर जाने लगे पुलिस अधिकारियों ने उन्हें प्रवेश नहीं करने दिया। विरोध स्वरुप वे सब वहीं बैठ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी लगाने लगे। किसान अंदर जा अपनी बात रखने पर अड़े रहे थोड़ी देर बाद एसडीएम वीरेन्द्र सिंह प्रदर्शनकारियों को समझाने आये पर नाकामयाब रहे। किसानों ने इसे लोकतंत्र की हत्या करार दिया।
                पार्क के बाहर अपने संबोधन में भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष जगबीर घसोला ने कहा कि तीन कृषि कानून वापिस लेने तक किसानों का संघर्ष जारी रहेगा। सरकार महज बड़े औधोगिक घरानों को लाभ पंहुचाने के लिए ये कानून लाई है। अधिवक्ता संजीव तक्षक और  सुखवंत सिंह ने कहा कि कानून सबके लिए बराबर है पर प्रशासन ऊपरी दवाब से हमारी आवाज कुचलना चाहता है जो असहनीय है।
                किसान नेता राजू मान ने कहा कि भाजपा का ये कार्यक्रम महज ढोंग है और ये केवल किसानों को बांटने के लिए है जिसमें ये सफल नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का निर्णय हरियाणा के हक में आए लंबा समय बीत गया है परंतु 6 साल गुजर जाने के बाद भी हरियाणा के मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने का वक्त तक नहीं ले पाए हैं। इनेलो नेता सत्यवान शास्त्री ने कहा कि किसान आंदोलन जनसहयोग से लगातार जोर पकड़ रहा है। हर वर्ग सरकार के मंसूबो को समझ गया है यही वजह है कि किसान संगठनों के आह्वान पर हर कार्यक्रम जबदस्त सफल हो रहे हैं।
 किसानों ने मौके पर बनाई रणनीति- काफी कहासुनी के बाद जब अधिकारियों ने किसानों को अंदर नहीं जाने दिया तो उन्होंने सोची समझी रणनीति बनाई और विरोध के कार्यक्रम का समापन करने की घोषणा की। पुलिस अधिकारियों ने राहत की सांस ली। किसान प्रदर्शनकारी वेयर हाउस रोड़ होते हुए पार्क के साईड वाली दीवार फांदकर नारेबाजी करते हुए भाजपा के चल रहे कार्यक्रम में पहुंचे गए। इससे एक पुलिस भी चोंक गई और अधिकारियों ने आगे बढ़कर किसानों को घेर लिया और उनके साथ धक्का मुक्की भी हुई।  प्रदर्शनकारी अपनी बात कहने के लिए अड़े रहे और पार्क के अंदर ही बैठ गए। बड़ी कहासुनी के बाद किसान पार्क के बाहर आकर एक बार फिर से बैठकर नारेबाजी करने लगे।
                इस मौके पर इन्द्रजीत सांगवान, वीरेंद्र डूडी, इंद्र सिंह राणा, सुंदर पहलवान, राजा गोदारा, प्रीतम बलाली, हरकेश बलकरा, कबूल सांगवान, कृष्ण फौगाट, बिजेंद्र सांगवान, योगी फौगाट समेत कई किसान मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *