फिर मुसीबत में इमरान, पीटीआई में बग़ावत, गिर जाएगी सरकार?

रणघोष अपडेट.  विश्वभर से 

पड़ोसी मुल्क़ पाकिस्तान के वज़ीर-ए-आज़म इमरान खान एक बार फिर मुश्किलों में घिर गए हैं। उनकी अपनी पार्टी पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ यानी पीटीआई के 24 सांसदों ने एलान किया है कि वे अविश्वास प्रस्ताव पर इमरान खान सरकार के खिलाफ वोट करेंगे। यह अविश्वास प्रस्ताव 8 मार्च को संसद में रखा गया था। इमरान बीते कुछ सालों में विपक्ष के लगातार हमलों को झेलते रहे हैं लेकिन इस बार बगावत उनके घर में हुई है।यह अविश्वास प्रस्ताव विपक्षी सियासी जमातों पाकिस्तान मुसलिम लीग (नवाज़) और पाकिस्तान पीपल्स पार्टी (पीपीपी) की ओर से लाया गया है। इन सियासी जमातों का आरोप है कि मुल्क के आर्थिक संकट और बढ़ती महंगाई के लिए इमरान खान की हुकूमत जिम्मेदार है। अविश्वास प्रस्ताव पर 28 मार्च को वोटिंग हो सकती है। विपक्षी दलों के गठबंधन पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट (पीडीएम) ने इमरान की हुक़ूमत के ख़िलाफ़ मोर्चा खोला हुआ है। सांसद राजा रियाज़ ने भी जियो न्यूज़ से कहा कि इमरान खान की हुकूमत महंगाई को काबू करने में नाकाम साबित हुई है। बग़ावत करने वाले सभी 24 सांसद इसलामाबाद में स्थित सिंध हाउस में रुके हुए हैं। सिंध सरकार का कहना है कि इन सांसदों को इस बात का डर है कि हुकूमत उनका अपहरण कर सकती है। जबकि इमरान खान की हुकूमत ने सिंध सूबे की हुकूमत पर आरोप लगाया है कि उसने पीटीआई के सांसदों का अपहरण कर लिया है और उन्हें रिश्वत देने की पेशकश हो रही है। जबकि पीटीआई के सांसदों का कहना है कि सांसद अपनी मर्जी से यहां रुके हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *