बागियों पर राउत का तंज- ‘कब तक छिपोगे गुवाहाटी में…’

रणघोष खास. मुंबई से

शिवसेना के प्रवक्ता संजय राउत ने बागियों को एक और चुनौती के अंदाज में तंज कसा है। उन्होंने डिप्टी स्पीकर द्वारा जारी नोटिस का हवाला देते हुए बागियों के पास अब बहुत कम समय होने की ओर इशारा किया है। उन्होंने यह भी कहा है कि आख़िरकार उन्हें लौटकर महाराष्ट्र में आना तो पड़ेगा ही।राउत ने बीजेपी शासित असम में डेरा डाले बागियों की ओर इशारा करते हुए ट्वीट किया, ‘आप कब तक छिपे रहेंगे गुवाहाटी में… आना ही पड़ेगा चौपाटी में।’ राउत ने जो ट्वीट किया है उसमें उन्होंने एक तसवीर भी साझा की है जो डिप्टी स्पीकर नरहरि जिरवाल की है। यह वही डिप्टी स्पीकर हैं जिन्होंने शिवसेना की अयोग्यता याचिका पर शनिवार को 16 बागी विधायकों को नोटिस जारी किया है। सभी विधायकों को उनका लिखित जवाब दाखिल करने के लिए 27 जून शाम 5.30 बजे तक का वक्त दिया गया है।उधर, शिवसेना ने भी पार्टी से बगावत करने वाले 16 विधायकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। यह नोटिस पार्टी के व्हिप सुनील प्रभु की ओर से बुलाई गई बैठक से गैरहाजिर रहने के लिए जारी किया गया है। सभी विधायकों से कहा गया है कि वह अपने समर्थन में जो भी दस्तावेज हैं उन्हें 27 जून शाम 5 बजे तक जमा करा दें।शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे दावा कर रहे हैं कि 40 से ज़्यादा बागी विधायक उनके साथ हैं। वे गुवाहाटी के एक पांच सितारा होटल में रुके हैं। उनका दावा है कि असम में ठहरे विधायक उनका समर्थन कर रहे हैं। लेकिन बढ़ते घटनाक्रमों के बीच एकनाथ शिंदे गुट ने अपनी नई पार्टी बनाने का एलान कर दिया है। बताया जा रहा है कि इस पार्टी का नाम बालासाहेब शिवसेना रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *