मुलाक़ात के बाद आज़ाद बोले- सोनिया ही अध्यक्ष बनी रहेंगी

रणघोष अपडेट. देशभर से

कांग्रेस आलाकमान और असंतुष्ट समूह जी-23 के बीच तालमेल की कोशिशों के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आज़ाद ने शुक्रवार को पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाक़ात की। 10 जनपथ में मुलाक़ात के बाद आज़ाद ने किसी मोहभंग के लगाए जा रहे कयासों को खारिज किया और कहा कि पार्टी के सभी सदस्यों ने एकमत से तय किया है कि सोनिया गांधी अध्यक्ष बनी रहेंगी। उन्होंने कहा कि बातचीत आने वाले विधानसभा चुनाव एकजुट होकर लड़ने को लेकर हुई। इस सप्ताह की शुरुआत में सोनिया गांधी ने कथित तौर पर गुलाम नबी आज़ाद से फोन पर दो बार बात की थी। यह बात तब हुई जब जी-23 ने पाँच राज्यों में हालिया चुनावी हार के बाद पार्टी संगठन में संभावित बदलाव को लेकर चर्चा करने के लिए एक के बाद एक दो बैठकें कीं।सोनिया गांधी और गुलाम नबी आज़ाद के बीच बैठक को गांधी परिवार द्वारा आज़ाद जैसे जी-23 नेताओं तक पहुँचने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। आज़ाद कांग्रेस में नेतृत्व के मुद्दे पर मुखर रहे हैं।

बैठक के बाद गुलाम नबी आजाद ने कहा कि नेतृत्व परिवर्तन पर कोई चर्चा नहीं हुई क्योंकि पिछले रविवार को कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में यह पहले से ही निर्धारित था।आज़ाद ने कहा, ‘सोनिया गांधी के साथ बैठक अच्छी थी। कांग्रेस पार्टी के सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से फ़ैसला किया कि उन्हें अध्यक्ष के रूप में जारी रखना चाहिए, हमारे पास बस कुछ सुझाव थे जो साझा किए गए थे।’ एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, ‘कार्य समिति से पांच राज्यों में हार के कारणों पर सुझाव मांगे गए थे। आगामी विधानसभा चुनाव में एकजुट होकर लड़ने के लिए चर्चा की गई। नेतृत्व पर कोई सवाल ही नहीं था।’आजाद ने कहा कि सोनिया गांधी ने सीडब्ल्यूसी की बैठक के दौरान अंतरिम अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की पेशकश की थी, लेकिन सभी ने सर्वसम्मति से उन्हें पद पर बने रहने को कहा था। उन्होंने कहा कि जब भी संगठनात्मक चुनाव होंगे कांग्रेस कार्यकर्ता अगले पार्टी अध्यक्ष के लिए मतदान करेंगे।