मोदी जी, बिना एफआईआर मुझे हिरासत, किसानों को कुचलने वाला गिरफ़्तार नहीं: प्रियंका

लखीमपुर मामले में प्रियंका गांधी ने अब सीधे प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए कहा है कि उनकी सरकार ने बिना किसी आदेश के कांग्रेस नेता को 28 घंटे से हिरासत में रखा है, लेकिन ‘किसानों को कुचलने वाला व्यक्ति’ गिरफ़्तार नहीं हुआ है। प्रियंका बार-बार इस पर जोर दे रही हैं कि बिना किसी वैध कारण के उन्हें हिरासत में रखा गया है और उन्हें इसके लिए कोई कागज नहीं उपलब्ध कराया जा रहा है। राहुल गांधी ने कहा है, ‘जिसे हिरासत में रखा है, वो डरती नहीं है- सच्ची कांग्रेसी है, हार नहीं मानेगी! सत्याग्रह रुकेगा नहीं।’ ट्विटर पर प्रधानमंत्री को टैग करते हुए प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया है और एक वीडियो भी साझा किया है। उस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक गाड़ी किसानों को कुचलते हुए आगे निकल जाती है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि प्रदर्शनकारियों का एक समूह खेतों के बीच एक सड़क पर आगे बढ़ रहा है। फिर पीछे से तेज गति से आ रही एक ग्रे एसयूवी से उनको कुचल दिया जाता है। गाड़ी की तेज गति होने से एक व्यक्ति तो उछलकर बोनट के ऊपर गिरता है। सड़क के किनारे कई लोग बिखरे पड़े नज़र आते हैं। उस ग्रे एसयूवी के पीछे-पीछे दो और गाड़ियाँ निकलती हैं।

कथित तौर पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के बेटे की गाड़ी से कुचलकर मारे गए 4 किसानों के परिवारों से मिलने प्रियंका गांधी लखीमपुर जा रही थीं तब पुलिस ने उन्हें सोमवार तड़के हरगांव थाना क्षेत्र में हिरासत में ले लिया था। प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि उन्हें सोमवार सुबह क़रीब चार बजे रोका गया, जब वह लखनऊ से क़रीब 130 किलोमीटर दूर लखीमपुर खीरी के बाहरी इलाक़े में थीं। हिरासत में लेकर उन्हें सीतापुर के सरकारी गेस्ट हाउस में ले जाया गया।  यूपी कांग्रेस ने सोमवार को कई ऐसे वीडियो ट्विटर पर साझा किए जिनमें पुलिस प्रियंका गांधी को रोकती हुई नज़र आ रही है। तब कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि प्रियंका गांधी से बदतमीजी की गई। एक ट्वीट में कांग्रेस ने कहा था, ‘श्रीमती प्रियंका गांधी जी के कपड़े खींचे जा रहे हैं। पुलिस के द्वारा भोर के अंधेरे में उनके हाथ मोड़े जा रहे हैं। मुख्यमंत्री जी! तानाशाही लाख कर लो, हम अन्याय और नफरत के खिलाफ कुर्बानी देने वाले लोग हैं। झुकेंगे नहीं, लड़ेंगे…।’