रणघोष अपडेट. पंजाब से
पंजाब पुलिस के मोहाली में स्थित खुफिया दफ्तर में धमाका हुआ है। धमाके में कोई घायल नहीं हुआ है। धमाके के बाद दफ्तर की बिल्डिंग के शीशे टूट गए हैं। धमाका शाम को 7:45 बजे हुआ है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस मामले में पुलिस से रिपोर्ट मांगी है। मुख्यमंत्री ने पंजाब के डीजीपी से भी घटना को लेकर बात की है। हालांकि पंजाब पुलिस ने कहा है कि यह आतंकी हमला नहीं है और यह एक छोटा धमाका है। पुलिस के तमाम आला अफसर मौके पर तैनात हैं। कुछ दिन पहले पटियाला में हिंदू और सिख संगठनों के बीच सांप्रदायिक तनाव हुआ था और उसके बाद से ही पूरे राज्य में पुलिस हाई अलर्ट पर है। इसके बीच ही पंजाब पुलिस के राज्य के सबसे बड़े दफ्तर पर धमाका होना चिंता की बात कही जा रही है।पंजाब में बीते कुछ दिनों में कई जगहों से आरडीएक्स पकड़ा गया है और टिफिन बम भी मिले हैं। कुछ दिन पहले पंजाब से तेलंगाना जा रहे बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़े चार आतंकवादियों को हरियाणा पुलिस ने करनाल में पकड़ा था।
संवेदनशील सूबा है पंजाब
पंजाब बेहद संवेदनशील सूबा है और लंबे वक्त तक सिख आतंकवाद की चपेट में रहा है जिसकी वजह से हजारों सिखों और हिंदुओं को अपनी जान गंवानी पड़ी थी।
आईएसआई की नजर
पंजाब एक सरहदी सूबा भी है और इसकी 550 किमी. सीमा पाकिस्तान से लगती है। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई पर यह आरोप लगता रहा है कि वह पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश में जुटी रहती है। बीते साल हुए किसान आंदोलन के चलते पंजाब का सियासी पारा काफी हाई रहा था। किसान आंदोलन में खालिस्तान समर्थकों की घुसपैठ होने के आरोप केंद्र सरकार ने लगाए थे।