यूक्रेन का आरोप- रूसियों ने कीव के पास 1 बच्चे सहित 7 लोगों को मारी गोली

रूस यूक्रेन के बीच जंग जारी है। इस दौरान यूक्रेन ने रूसी बलों पर कीव के पास महिलाओं और बच्चों पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है। इस हमले में एक बच्चे सहित 7 लोगों की मौत हो गई।खबरों के मुताबिक ये लोग पेरेमोहा गांव से भागकर आए थे। यूक्रेनी अफसरों ने बाद में कहा कि काफिला रूस के साथ सहमत ‘ग्रीन कॉरिडोर’ से होकर नहीं जा रहा था, जब उन पर गोलियां दागी गईं। हालांकि यूक्रेन की ओर से पहले कहा गया था कि ये लोग इसी कॉरिडोर पर यात्रा कर रहे थे।बता दें कि रूस ने 24 फरवरी को यूक्रेन पर हमला करने के बाद से ही नागरिकों को निशाना बनाने की बात से मना किया है। यह यूक्रेन को शहरों से नागरिकों को निकालने के नाकाम प्रयासों के लिए दोषी ठहराता है। हालांकि रूस के इन आरोपों को यूक्रेन और उसके पश्चिमी सहयोगियों ने खारिज कर दिया है। एक ओर जहां यूक्रेन रूस पर मानवाधिकारों के उल्लंघन का आरोप लगा रहा है। वहीं रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ फोन पर बातचीत में यूक्रेनी सैनिकों द्वारा अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून के उल्लंघनों की बात कही। पुतिन ने यूक्रेनी सुरक्षा बलों की ओर से अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून के खुले तौर पर उल्लंघन के कई तथ्यों का हवाला दिया। कहा गया कि इसमें नागरिकों को बंधक बना लेना और उन्हें मानव ढाल के तौर पर इस्तेमाल करना, आवासीय क्षेत्र में भारी तोपखाना तैनात करना इत्यादि शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *