राजनीति में सीधी सपाट बात : हरियाणा भाजपा का भविष्य लोकसभा चुनाव के गर्भ में छिपा है

– एमपी- राजस्थान- छत्तीसगढ़ में कमल खिलने से सीएम मनोहरलाल को कोई फायदा नहीं होगा


 रणघोष खास. प्रदीप नारायण

देश के तीन बड़े हिंदी भाषाई प्रदेश मध्यप्रदेश, राजस्थान व छत्तीसगढ़ में खिले कमल से हरियाणा भाजपा के चेहरे पर रौनक जरूर लौट आई है लेकिन वह मौसम की तरह है। इन राज्यों में भाजपा हरियाणा से ज्यादा सीनियर रही है। जाहिर है सभी का मिजाज भी अलग है। हरियाणा में सीएम मनोहरलाल पिछले 9 सालों से आमजन की नब्ज तक पहुंचने के लिए कई तरह का प्रयोग कर चुके हैं लेकिन उन्हें भी हॉट सीट पर बने रहने के लिए सोनी चैनल के केबीसी की लाइफ लाइन तरह हाईकमान का सहारा लेना पड़ता है। वे अभी तक यूपी से  आदित्ययोगी नाथ, एमपी से शिवराज चौहान व राजस्थान में वंसुधरा राजे सिंधिया की तरह धरती पकड़ नहीं बन पाए हैं। 10 माह बाद होने जा रहे इस प्रदेश में चुनाव तीसरी बार भाजपा मनोहरलाल के नेतृत्व में लड़ेगी यह देखने वाली बात होगी। इतना जरूर है की भाजपा पूरी तरह जाट- नॉन जाट की राजनीति के फार्मूले पर मैदान में उतरेगी। वह उसी तरह राजनीति करेगी जिस तरह भजनलाल अलग अलग टुकड़ों में 12 साल राज कर गए। ओमप्रकाश धनखड़ को हटाकर  नायब सैनी का प्रदेश अध्यक्ष बनना इस दिशा में बड़ा कदम है। जातीय समीकरण में जाट ओर एससी- एसटी वोट बैंक को अपने विश्वास में लेना भाजपा के लिए सबसे बड़ी चुनौती है। यह बिरादरी पूरी तरह अंतिम समय तक भाजपा के खिलाफ रही तो कमल का तीसरी बार खिलना आसान नहीं होगा। इसके अलावा कांग्रेस छोड़कर भाजपा में समाए बड़े नेता पूर्व केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र सिंह डूमरखां के सुर भाजपा की ताल बिगाड़ रहे हैं तो दक्षिण हरियाणा से दिग्गज नेता केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह का मिजाज बेटी की टिकट से तय होगा। जेजेपी से मिलकर या अकेले चुनाव लड़ने का फैसला भी भाजपा के लिए आसान नहीं  होगा। सबसे बड़ी बात हरियाणा में भाजपा का भविष्य छह माह बाद होने जा रहे लोकसभा चुनाव के गर्भ में छिपा है। लोकसभा की 10 सीटों पर पीएम नरेंद्र मोदी की गारंटी कितना काम कर पाती है। उसी के नतीजों से ही हरियाणा में भाजपा का असल चेहरा नजर आएगा। इससे पहले तरह तरह के दावें करना, अटकले लगाना उस मदारी की तरह है जो अपने करतब से जेबों से नोट निकालता है ओर अंत में खेल खत्म होने पर भीड़ से डमरू बजाकर एक एक रुपए के लिए जोर अजमाइश करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *