रेवाड़ी के 5 किमी दायरे में भाजपा के 7 कार्यालय, कांग्रेस- जेजेपी का एक भी नही
रणघोष अपडेट. रेवाड़ी. हरियाणा से
रेवाड़ी में महज 5 किमी के दायरे में 150 से ज्यादा छोटे बड़े अस्पताल खुलने का अनूठा रिकार्ड बनाने के बाद यह शहर अब तेजी से खुलते भाजपा कार्यालयों की वजह से चर्चा में आ रहा है। 19 जून को भाजपा के वरिष्ठ नेता अरविंद यादव ने भाजपा के नाम चुनावी कार्यालय खोल दिया है जहां से आमजन की समस्याओं का समाधान ओर चुनावी गतिविधियां जारी रहेगी। इस तरह पार्टी के सात प्रमुख कार्यालय अलग अलग स्थानों पर खुल चुके हैं जिसमें एक विधिवत तौर पर भाजपा का है बाकी नेताओं ने अपनी नेक कमाई से खोल रखे हैं। शहर से बाहर खुले पार्टी कार्यालयों की संख्या अलग है। यहा गौर करने वाली बात यह है की इससे उलट कांग्रेस का विधिवत तौर पर कोई कार्यालय नही है जबकि इस सीट पर 2014-2019 के कार्यकाल को छोड़ दिया जाए तो हमेशा इस सीट पर कांग्रेस विधायक बनता रहा है। यहां से छह बार विधायक रहे पूर्व मंत्री कप्तान अजय सिंह व वर्तमान में उनके बेटे चिरंजीव राव विधायक है। उन्होंने माडल टाउन स्थित अपने आवास को जरूर कार्यालय का नाम दिया हुआ है। भाजपा के साथ चार साल से अधिक समय तक सत्ता में रही जेजेपी शहर में अपना कार्यालय तक नही खोल पाईं जबकि उसके उम्मीदवार इस सीट पर चुनाव लड़ते आ रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने शहर के आजाद चौक पर कुछ दिनों के लिए कार्यालय खोला था लेकिन आपसी खींचातान के चलते वह भी बंद हो गया। इनेलो ने कन्हैया लाल पोसवाल चौक पर विविधत तौर पर पार्टी कार्यालय खोला हुआ है।
रेवाड़ी में जब भाजपा को कोई समझने और जानने वाला नही था उस समय रणधीर सिंह कापड़ीवास ने शहर के सरकुलर रोड पर अपने स्तर पर पार्टी के नाम पर कार्यालय खोल दिया था। उसके बाद तो भाजपा के साथ बड़े होते नेताओं ने अपनी जमीन पर कार्यालय का बोर्ड लगाना शुरू कर दिया। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह का रामपुरा में स्थित आवास ही उनका प्रमुख कार्यालय है जहां प्रमुख तौर से राव समर्थक ही पहुंचते हैं। यही से राव पार्टी को लेकर अहम निर्णय लेते हैं। सरकुलर रोड पर पूर्व विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास का कार्यालय विशेष तौर से 2014 से 2019 तक उनके विधायक रहते आमजन की समस्याओें के निराकरण के लिए विशेष अहमियत रखता था। अभी भी यह कार्यालय पूरी तरह से रंगत में है। रणधीर सिंह कापड़ीवास के साथ अब उनके भतीजे मुकेश कापड़ीवास पूरी तरह आमजन से जुड़ाव बनाते हुए मजबूती से आगे बढ़ रहे हैं। सेक्टर एक में जिला सचिवालय के सामने 2019 में भाजपा के उम्मीदवार रहे सुनील यादव मुसेपुर ने अपने आवास के एक हिस्से को आमजन के लिए कार्यालय के तौर पर समर्पित किया हुआ है। वे राव इंद्रजीत सिंह के दिशा निर्देश व मार्गदर्शन पर यहां से आमजन से सीधा जुड़ाव बनाए हुए हैं और सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों को यहां से संचालित कर रहे हैं। इसी सेक्टर में भाजपा के जिला अध्यक्ष रहे सतीश खोला ने पार्टी के नाम खोले कार्यालय को एक अलग ही स्वरूप दिया हुआ है। विशेषतौर से यहां सीएससी सेंटर कार्यप्रणाली की तरह अधिकतर समय आमजन का सरकारी योजनाओं में आ रही बाधाओं को दूर कराने को लेकर आना जाना लगा रहता है। इसी तरह कोसली विधायक लक्ष्मण यादव का मूल निवास सेक्टर चार में हैं जहां उन्होंने अपने आवास के एक हिस्से को पार्टी का कार्यालय बनाया हुआ है। यहां रेवाड़ी और कोसली के लोगों का अपनी समस्याओं को लेकर आना जाना लगा रहता हैं। लक्ष्मण यादव भी भाजपा के जिला अध्यक्ष रह चुके हैं। भाजपा का आधिकारिक कार्यालय राव अभय सिंह चौक के पास स्थित है जहां पर भाजपा की सभी तमाम गतिविधियां होती रहती है। पार्टी के तमाम नेता इसी कार्यालय में आते हैं।
इतने कार्यालय खुलने के बाद भी समस्याओं से लड़ रहे लोग
शहर में भाजपा के चारों तरफ खुले कार्यालयों के बावजूद भी आमजन की समस्याओं का पूरी तरह से निराकरण नही हो पा रहा है। शहर में नगर परिषद पूरी तरह कटघरे में रही है तो सरकारी कार्यालयों की शिकायतें भी बेशुमार है। हालात किसी से छिपे नही है। भाजपा नेता भी मानते हैं की जो शहर की तस्वीर बेहतर नजर आनी चाहिए थी वह ज्यो की त्यो है। यही वजह है की यहां की जनता ने अलग अलग वजहों से भाजपा का मजबूत जनाधार होते हुए कांग्रेस उम्मीदवार को विधायक बना दिया। अब देखने वाली बात यह रहेगी की भाजपा के नाम पर खुले इन सात प्रमुख कार्यालयों में सबसे ज्यादा आवगमन कहां रहता है और जनता किस पर ज्यादा विश्वास करके अपने कदम इन कार्यालयों की तरफ बढ़ाती है।