लंदन में खालिस्तानियों का विरोध

सैकड़ों भारतीय तिरंगा लेकर इंडियन हाई कमीशन पहुंचे, पुलिस अफसर ने हिंदुस्तानी गाने पर डांस किया


रणघोष अपडेट. विश्वभर से


लंदन में रविवार को इंडियन हाई कमीशन पर खालिस्तानियों के हमले के बाद तस्वीर का दूसरा पहलू दिखा। मंगलवार को सैकड़ों भारतीय नागरिक (सिख भी शामिल) इंडियन हाई कमीशन के बाहर जुटे और भारत के साथ एकजुटता का संदेश दिया। इस दौरान भारत माता की जय और जय हिंद के नारे गूंजते रहे। प्रदर्शन कर रहे लोग भारतीय फिल्म स्लमडॉग मिलेनियर के ऑस्कर विनिंग सॉन्ग ‘जय हो’ पर झूमते दिखे। वहीं, माहौल तब खुशनुमा नजर आया, जब एक ब्रिटिश पुलिस अफसर एक भारतीय लड़की के साथ डांस करता दिखा। अफसर लड़की से डांस मूव सीख रहा था।
खालिस्तानियों से हार नहीं मानेंगे
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार को खालिस्तानियों की हरकत का विरोध करने के लिए जुटे लोगों में से एक ने कहा- कुछ लोग भारत और यहां अमन का माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। इन लोगों को जवाब दिए जाने की जरूरत है।
रविवार को जब खालिस्तानियों ने यहां तोड़फोड़ करके तिरंगा उतारा था, तब पुलिस मौजूद नहीं थी। मंगलवार को नजारा दूसरा था। मेट्रो पुलिस की टीम अलर्ट पर थी। रविवार को ही अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में इंडियन कॉन्स्यूलेट पर खालिस्तानियों ने हमला किया था। यहां के दरवाजे और खिड़कियां तोड़ दी गईं थीं।
दिल्ली से भी जवाब
सोमवार को नई दिल्ली में ब्रिटिश हाई कमीशन के बाहर सिखों ने खालिस्तानियों के खिलाफ बैनर-पोस्टर लहराए और नारेबाजी की। कहा- भारत हमारा स्वा‌भिमान है। इन सिखों के मुताबिक तिरंगे का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अब जानिए लंदन में क्या हुआ था
खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह के खिलाफ पंजाब पुलिस कार्रवाई कर रही है। रविवार को इसका विरोध लंदन में मौजूद कुछ खालिस्तान समर्थकों ने किया। खालिस्तानी लंदन में भारतीय हाई कमीशन पहुंचे। पहले तोड़फोड़ की और बाद में यहां लगा तिरंगा उतार दिया।
भारत ने इस पर सख्त ऐतराज जताया। दिल्ली में ब्रिटिश हाई कमिश्नर को तलब किया गया। इस बीच, हाई कमीशन पर अब पहले से ज्यादा बड़ा तिरंगा लगा दिया गया।
लंदन में भारत के हाई कमीशन पहुंचे लोगों के हाथ में खालिस्तानी झंडा और अमृतपाल सिंह के पोस्टर थे। पोस्टर्स पर लिखा, ‘फ्री अमृतपाल सिंह’ (अमृतपाल सिंह को आजाद करो), ‘वी वॉन्ट जस्टिस’ (हमें न्याय चाहिए) और ‘वी स्टैंड विथ अमृतपाल सिंह’ (हम अमृतपाल के साथ हैं)।

और दिल्ली में सिखों ने कैसे जवाब दिया
सोमवार को नई दिल्ली में प्रदर्शन के लिए पहुंचे सिखों ने कहा- पाकिस्तान की बदनाम खुफिया एजेंसी ISI हमारे देश के अमन-चैन को तबाह करने की साजिश रच रही है। हमने हमेशा अपने तिरंगे का सम्मान किया है और लंदन में हुई हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन में शामिल एक युवा सिख ने कहा- लंदन में जो कुछ हुआ, हम उसका जवाब देने आए हैं। हम ये किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे। आज हम हजारों सिख अपने-अपने काम छोड़कर ये बताने आए हैं कि अपने तिरंगे का निरादर सहन नहीं करेंगे। वी लव आवर इंडिया- भारत माता की जय।
यूएस में भी इंडियन कॉन्स्यूलेट पर हमला
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लंदन के बाद अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में भी इंडियन कॉन्स्यूलेट पर हमला किया गया। रविवार को यहां भी खालिस्तान समर्थक जुटे। इन लोगों ने स्प्रे पेंट्स से अमृतपाल को रिहा करो.. लिख दिया। इन लोगों ने कॉन्स्यूलेट के गेट तोड़ दिए। वहां खालिस्तान के झंडे लगा दिए। भारतीय अमेरिकियों ने हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ​​​
पुलिस अमृतपाल के 154 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी
दरअसल, पंजाब के अजनाला थाने पर हमले के आरोपी अमृतपाल को पकड़ने के लिए पुलिस ने पिछले तीन दिन से राज्य के अलग-अलग हिस्सों में अभियान चला रखा है। रविवार को अमृतपाल के 34 और साथियों को गिरफ्तार किया। अब तक पुलिस 154 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। अमृतपाल के समर्थकों ने दावा किया कि उसे देर रात पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हालांकि पुलिस ने इनकार कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *