शशि थरूर लड़ेंगे कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव

रणघोष अपडेट. देशभर से 

केरल से कांग्रेस के सांसद शशि थरूर कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव लड़ेंगे। थरूर ने अपने प्रतिनिधि को कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के पास फॉर्म लेने के लिए भेजा है। बताना होगा कि कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में नामांकन 24 सितंबर से 30 सितंबर तक होने हैं। 8 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। एक से ज्यादा उम्मीदवार होने की सूरत में 17 अक्टूबर को मत डाले जाएंगे। 19 अक्टूबर को मतों की गिनती होगी और उसी दिन चुनाव नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।बीते दिनों में कई राज्यों की कांग्रेस कमेटियों ने राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने के पक्ष में प्रस्ताव पास किया था लेकिन अब यह साफ हो गया है कि राहुल गांधी चुनाव नहीं लड़ेंगे और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के अलावा शशि थरूर भी चुनाव मैदान में उतरेंगे। पंजाब से कांग्रेस के सांसद मनीष तिवारी, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी चुनाव मैदान में उतर सकते हैं। ऐसे में देश के सबसे पुराने राजनीतिक दल कांग्रेस में अध्यक्ष पद का चुनाव बेहद रोमांचक हो सकता है और दो दशक बाद कांग्रेस को गांधी परिवार से बाहर का कोई अध्यक्ष मिल सकता है। शशि थरूर ने कुछ दिन पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। मुलाकात के दौरान सोनिया गांधी ने शशि थरूर से कहा कि वह कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव में पूरी तरह तटस्थ रहेंगी। शशि थरूर ने उदयपुर चिंतन शिविर के बाद सामने आए उदयपुर संकल्प का भी जोरदार समर्थन किया था। थरूर ने पिछले महीने एक मलयालम पत्रिका में लेख लिखकर कहा था कि कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा था कि कांग्रेस में फैसला लेने वाली सर्वोच्च कमेटी सीडब्ल्यूसी में भी एक दर्जन पदों के लिए चुनाव की घोषणा करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *