होर्मुज स्ट्रेट में रविवार को भीषण धमाका हो गया। यह हादसा उस वक्त हुआ जब एक तेल टैंकर एक नेवल माइन से टकरा गया। ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम ने इस बारे में जानकारी दी। समाचार एजेंसी के मुताबिक, यह टैंकर रणनीतिक जल मार्ग में ईरान द्वारा तय रास्ता छोड़ने के बाद खदान से टकराया। इस घटना को लेकर अभी तक ईरानी अधिकारियों की ओर से तुरंत कोई आधिकारिक बयान नहीं आया।
बता दें कि होर्मुज में टैंकर जहाजों की आवाजाही को लेकर काफी ज्यादा तनाव है। अमेरिका और ईरान के बीच फिर से झगड़ा बढ़ने लगा है। इस बीच लगातार टैंकरों को निशाना बनाया जा रहा है। अमेरिकी सेना ने शुक्रवार को कहाकि उसने ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी तोड़ने की कोशिश कर रहे एक और मालवाहक पोत पर गोलीबारी की।
इस बीच ईरान ने रविवार को कहाकि पिछली दो रातों से अमेरिकी हमले रुकने के बाद ईरानी सेना ने भी अपनी कार्रवाई रोक दी है। ईरानी सेना के प्रवक्ता आमिर अकरमिनिया ने कहाकि अमेरिकियों ने पिछले दो रातों से अपने हमले बंद कर दिये हैं। चूंकि हमारी रणनीति पूरी तरह जवाबी कार्रवाई पर आधारित रही है, इसलिए हमने भी अपनी जवाबी सैन्य कार्रवाई रोक दी है। उन्होंने कहाकि अमेरिकी अधिकारियों के बीच रणनीति को लेकर स्पष्टता का अभाव दिखायी देता है। उनका कहना था कि यह स्थिति राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयानों और अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) की गतिविधियों से भी स्पष्ट होती है।
अकरमिनिया ने कहाकि अमेरिका की रणनीति उसके अपने अधिकारियों के लिए भी स्पष्ट नहीं है। यह अमेरिकी अधिकारियों, विशेष रूप से राष्ट्रपति के बयानों और अमेरिकी सेंट्रल कमांड की गतिविधियों से स्पष्ट होता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अमेरिका ने फिर से हमले शुरू किए तो संघर्ष का दायरा और बढ़ जाएगा। उन्होंने दावा किया कि यह संघर्ष पहले ही बाब-अल-मंदेब तक फैल चुका है।