विधायक लक्ष्मण यादव के विज्ञापन में रोहतक सांसद- प्रदेश प्रभारी को जगह नहीं मिली
-चिंरजीव राव ने कुमारी शैलजा के साथ भूपेंद्र हुड्डा को सम्मान दिया
– कैबिनेट मंत्री डॉ बनवारीलाल के विज्ञापन में संतुलन बनाने का प्रयास
रणघोष अपडेट. रेवाड़ी
मीडिया में खबरों का अपना प्रभाव रहता है वहीं विज्ञापन भी अपनी मन की बात कह जाते हैं। अंतर इतना रहता है कि खबरों में लिखे जाने वाले शब्दों के प्रयोग का अधिकार संबंधित न्यूज चैनल या अखबारों के संपादक के पास होता है जबकि विज्ञापन में स्थिति एकदम उलट है। यहां विज्ञापनदाता एक तय समय के लिए वैल्यू के आधार पर अपना स्पेस बुक करवाता है जिसके लिए उसे निर्धारित राशी वहन करनी होती है। इस स्पेस में वह अपना मनचाहा मैटर अपने हिसाब से लगवा सकता है बशर्ते वह सामाजिक सौहार्द, देश की एकता एवं अखंडता को प्रभावित नहीं करता हो। रणघोष 19 मार्च से एक कॉलम शुरू करने जा रहा है जिसमें सभी अखबारों में प्रकाशित विज्ञापन की हकीकत, दावों एवं मूल उद्देश्य की समीक्षा समाचार के स्वरूप में प्रकाशित की जाएगी। इस कॉलम को शुरू करने का उद्देश्य किसी की भावना को ठेस पहुंचाना नहीं बल्कि विज्ञापनों में छिपी हकीकत एवं मूल भाव को साक्ष्यों के साथ प्रस्तुत करना है।
विधायक लक्ष्मण यादव के विज्ञापन में रोहतक सांसद- प्रदेश प्रभारी गायब
18 मार्च को धुलंडी पर्व पर रेवाड़ी भास्कर में पेज नंबर 8 पर विधायक लक्ष्मण यादव का विज्ञापन प्रकाशित हुआ। विज्ञापन इसलिए चर्चा का विषय बना इसमें रोहतक से भाजपा सांसद डॉ. अरविंद शर्मा एवं भाजपा के हरियाणा प्रभारी विनोद तावड़े को जगह नहीं मिली। जबकि तावड़े 25 नवंबर 2020 से हरियाणा की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उनकी जगह इससे पूर्व प्रभारी की जिम्मेदारी संभालते आ रहे अनिल जैन को सम्मान दिया गया है। साथ ही कोसली विधानसभा रोहतक संसदीय क्षेत्र के अंतगर्त आती है। यहां से डॉ. अरविंद शर्मा सांसद है। विज्ञापन में उन्हें जगह नहीं मिली। गुरुग्राम सांसद एवं केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत के साथ साथ उनकी बेटी आरती राव को प्रमुखता के साथ सम्मान दिया गया है। इसके अलावा भाजपा के सभी सीनियर नेताओं का फोटो कैडर के आधार पर लगाया गया है। विज्ञापन में आरती राव की मौजूदगी लक्ष्मण यादव के रामपुरा हाऊस के प्रति विशेष मौजूदगी को दर्शाती है।
कैबिनेट मंत्री डॉ बनवारीलाल के विज्ञापन में संतुलन बनाने का प्रयास
धुलंडी पर्व पर राज्य के कैबिनेट मंत्री डॉ. बनवारीलाल के कार्यकर्ताओ द्वारा रेवाड़ी भास्कर में प्रकाशित विज्ञापन में पूरी तरह से संतुलन बनाया गया है। क्षेत्रीय संतुलन व भाजपा कैडर को ध्यान में रखते हुए राज्य के भाजपा प्रभारी से लेकर जिला प्रधान को सम्मान देते हुए रामपुरा हाउस के प्रति विशेष भावना का पूरा ध्यान रखा गया है। इसलिए केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के साथ साथ आरती राव के सम्मान का विशेष ध्यान रखा गया है।
चिंरजीव राव ने कुमारी शैलजा के साथ भूपेंद्र हुड्डा को सम्मान दिया
रेवाड़ी से कांग्रेस विधायक चिरंजीव राव ने रेवाड़ी भास्कर में अपने प्रकाशित विज्ञापन में प्रदेश हाईकमान स्तर पर चल रही गुटबाजी में संतुलन बनाए रखा है। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बीच रही धड़ेबाजी में खुद को संतुलित करते हुए दोनों सीनियर नेताओं को जगह दी है। एक समय ऐसा था जब चिरंजीव राव के पिता पूर्व मंत्री कप्तान अजय सिंह यादव का 2019 विधानसभा चुनाव से पहले भूपेंद्र सिंह हुड्डा से 36 का आंकड़ा था। चुनाव में दीपेंद्र हुड्डा ने ऐनवक्त के समय चिरंजीव राव के लिए चुनाव प्रचार कर मजबूती देने का काम किया था।

