‘फोर्स का इस्तेमाल तय मानकों के मुताबिक नहीं हुआ’ संसद चलो मार्च पर RAF रिपोर्ट

20 जुलाई को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के ‘चलो संसद’ मार्च के दौरान जंतर-मंतर पर हुए लाठीचार्ज और तीन प्रदर्शनकारियों के पेलेट गन से घायल होने के मामले में सुरक्षा एजेंसियों के भीतर से बड़ी खबर सामने आई है। द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की महानिरीक्षक (IG) सीमा धुंधिया ने स्वीकार किया है कि प्रदर्शनकारियों पर किया गया बल प्रयोग निर्धारित मानकों और RAF की ट्रेनिंग के मुताबिक नहीं था।
22 जुलाई को दिल्ली में तैनात कंपनी कमांडरों और कमांडेंटों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई एक उच्चस्तरीय बैठक में IG सीमा धुंधिया ने माना कि उस दिन “फोर्स ग्रेडिएंट” यानी परिस्थिति के हिसाब से कदम दर कदम बल प्रयोग करने में गंभीर चूक हुई है।
आंतरिक समीक्षा बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए और भविष्य के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए।
IG सीमा धुंधिया ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन जवानों का तबादला हाल ही में जम्मू-कश्मीर या दूसरे स्पेशल ऑपरेशन्स (आतंकवाद रोधी/उग्रवाद रोधी) क्षेत्रों से हुआ है, उन्हें तुरंत दिल्ली जैसे संवेदनशील शहरों में भीड़ नियंत्रण की ड्यूटी में तैनात न किया जाए।
कश्मीर या कॉम्बैट जोन में काम करने का माहौल और दृष्टिकोण अलग होता है, जबकि दिल्ली, बिहार, असम और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में भीड़ से निपटने के लिए एक बेहद संतुलित, संवेदनशील और धैर्यपूर्ण दृष्टिकोण की आवश्यकता होती है।
समीक्षा में पाया गया कि कई जवान बिना बॉडी प्रोटेक्टर और बिना हेलमेट के ड्यूटी करते दिखे, जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। अधिकारियों को हिदायत दी गई है कि बिना पूरी सुरक्षा किट (हेलमेट, वाइजर, सुरक्षा गियर) के किसी भी जवान को मैदान में न उतारा जाए।
दिल्ली की मौजूदा स्थिति को देखते हुए आगामी आदेशों तक जवानों को PAG (पेलेट गन), एंटी-रॉयट गन, इलेक्ट्रिक शॉक वेपन और इलेक्ट्रिक शील्ड जारी करने पर रोक लगा दी गई है।
जवानों को कड़ा निर्देश दिया गया है कि वे किसी भी उकसावे, अभद्र भाषा या व्यक्तिगत टिप्पणियों का जवाब न दें और हर स्थिति में पेशेवर आचरण और संयम बनाए रखें।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *