प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली लड़की की मां ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुक्रिया कहा है। दरअसल हाल ही में पीएम मोदी ने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर उन्हें अपशब्द करने वाले छात्रों को माफ करने की बात कही थी। पीएम मोदी ने कहा था कि बच्चों से गलती हो जाती है और उन्हें सही रास्ता दिखाए जाने की जरूरत है। इस पर लड़की की मां ने कहा है कि पीएम मोदी ने उनकी बेटी को जीवनदान दिया है। इसी के साथ उन्होंने अपील की है कि जैसे पीएम मोदी गांव गोद लेते हैं वैसे ही उनकी बेटी को भी गोद लिया जाए।
लड़की की मां ने कहा, पीएम मोदी देश के राजा है। उन्होंने इतना महान काम किया है। उन्होंने अपनी महानता दिखाते हुए देश की बेटी को माफ किया है। मेरा हाथ जोड़ के धन्यवाद। आज इस बच्ची का जन्मदिन है और पीएम मोदी ने उसे जीवनदान दिया है। इसका नया जन्म हुआ है। उन्होंने कहा, मैं पीएम मोदी से अपील करती हूं कि वह इस बच्ची को गोद ले लें और इसका जीवन संवार दें। जैसे वे गांव को गोद लेकर उनका भविष्य संवारते हैं, वैसे ही मेरी बेटी का भविष्य संवार दे। इससे पहले लड़की ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी करते हुए देश से माफी मांगते हुए कहा कि वह इस पर बहुत शर्मिंदा है।
पीएम मोदी ने वीडियो में क्या कहा?
पीएम मोदी ने एक वीडियो में कहा कि हमारी बेटियों द्वारा इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया जाना चिंता का विषय है। हालांकि, उन्होंने कहा कि इन गुमराह बच्चों को माफ किए जाने की जरूरत है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह समाज में व्याप्त आक्रोश को समझते हैं, लेकिन यह गुमराह बच्चों को अपनाने और उन्हें सही राह दिखाने का समय है।
लड़की ने पूरे देश से मांगी थी माफी
वाले वीडियो में लड़की ने कहा, मैं अपने दोस्तों के साथ सीपी (कनॉट प्लेस) गई थी, जहां प्रदर्शन हो रहा था।वहां लोग बहुत चीजें बोल रहे थे। प्रधानमंत्री जी को बहुत गालियां दे रहे थे। उन लोगों के बहकावे में आकर मैंने वे सब चीजें बोलीं। लड़की ने कहा, मैं अभी मात्र 15 साल की हूं। मैंने जो किया वह माफी के लायक नहीं है। मैंने बहुत गंदी चीजें बोलीं। लेकिन यह मेरी पहली और आखिरी गलती होगी, इसके बाद मैं ऐसा कुछ नहीं करूंगी। न ही वो चीज मैंने कभी पोस्ट की थी।मैं पूरे देश से माफी मांगती हूं। मैं इतनी शर्मिंदा हूं कि अपनी नजरें भी नहीं उठा पा रही हूं।
लड़की का यह वीडियो गाजियाबाद निवासी स्मृति सिंह की ओर से 29 जुलाई को नोएडा के एक्सप्रेसवे थाने में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद आया है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि जंतर-मंतर पर सेक्टर-168 स्थित लोटस जिंग आवासीय सोसाइटी की निवासी लड़की ने प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया, जिससे संवैधानिक पद की गरिमा को ठेस पहुंची। पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर जीरो एफआईआर दर्ज की गई और उसे जांच के लिए दिल्ली पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया।