इंडोनेशिया में बड़ा समुद्री हादसा: 250 यात्रियों को ले जा रही नाव में लगी आग; 5 की मौत, 41 लापता

इंडोनेशिया के पूर्वी जावा में मदुरा द्वीप के पास रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। लगभग 250 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को ले जा रही एक यात्री फेरी (नाव) ‘KMP मटियारा सेंटोसा 2’ में समुद्र के बीच अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 41 लोग अभी भी लापता हैं। घटना की सूचना मिलते ही इंडोनेशियाई खोज और बचाव एजेंसियों ने बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

सुराबाया से मकासर जा रही थी फेरी

बचाव अधिकारियों के अनुसार, फेरी सुराबाया स्थित तंजुंग पेराक पोर्ट से सुलावेसी द्वीप के मकासर शहर की ओर जा रही थी। यात्रा शुरू होने के कुछ ही घंटों बाद कप्तान ने जहाज में आग लगने की सूचना दी। इसके तुरंत बाद जहाज से रेडियो और नेविगेशन संपर्क टूट गया।

सुराबाया खोज और बचाव कार्यालय ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त फेरी सापुदी द्वीप से लगभग 19 समुद्री मील उत्तर में स्थित है।

जान बचाने के लिए समुद्र में कूदे यात्री

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और चश्मदीदों के मुताबिक, देखते ही देखते पूरी फेरी से काला धुआं और ऊंची लपटें उठने लगीं।

जहाज पर सवार कई यात्रियों ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी और वे आग से बचने के लिए जहाज के अगले हिस्से और ब्रिज की ओर जमा हो गए। अपनी जान बचाने के लिए दर्जनों यात्री उफनते समुद्र में कूद गए।

बड़े पैमाने पर राहत और बचाव कार्य जारी

सुराबाया सर्च एंड रेस्क्यू ऑफिस के प्रमुख नानांग सिगिट ने बताया कि आसपास से गुजर रहे जहाजों को तुरंत मदद के लिए भेजा गया है।

उन्होंने कहा, “नाव ‘TB Hasnur 26’ और ‘British Mentor’ पानी में कूदने वाले यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटी हैं। चार बड़े जहाज जलती हुई फेरी के पास पहुंच चुके हैं। इसके अलावा मुख्य बचाव पोत ‘SAR 249 Permadi’ को भी मौके के लिए रवाना किया गया है।”

अधिकारियों के अनुसार, राहत पोत को घटनास्थल तक पहुंचने में करीब 6 घंटे का समय लग सकता है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *