रणघोष न्यूज़।
भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने भारत के सबसे स्किलफुल और टैलेंटेड गेंदबाजों की अपनी पसंदीदा रैंकिंग साझा की है। कृष्णांक आत्रेय के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान अर्शदीप ने अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को पहला स्थान दिया, जबकि मोहम्मद शमी दूसरे नंबर पर रहे। उन्होंने स्पिनर कुलदीप यादव को तीसरे और युजवेंद्र चहल को चौथे स्थान पर रखा। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि भारत के दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को उन्होंने पांचवें और आखिरी स्थान पर रखा।
27 वर्षीय अर्शदीप ने कहा कि भुवनेश्वर कुमार उनके निजी पसंदीदा गेंदबाज हैं, इसलिए उन्होंने उन्हें शीर्ष स्थान दिया। शमी की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी पिच पर सीम गेंदबाजी करने की उनकी क्षमता उन्हें बेहद खास बनाती है। कुलदीप यादव के बारे में उन्होंने कहा कि लेफ्ट आर्म चाइनामैन होने के कारण उनका स्किल सेट बेहद दुर्लभ है, जबकि युजवेंद्र चहल की विकेट लेने की काबिलियत और शानदार रिकॉर्ड की भी सराहना की।
अर्शदीप ने अश्विन को अंतिम स्थान देने पर मुस्कुराते हुए कहा कि वह उन्हें आखिरी नंबर पर नहीं रखना चाहते थे, लेकिन कोई और स्थान बचा नहीं था। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अश्विन उनके आईपीएल करियर के पहले कप्तान रहे हैं और वह उन्हें इसके लिए व्यक्तिगत रूप से मैसेज कर माफी मांगेंगे।
गौरतलब है कि अर्शदीप ने 2019 में पंजाब किंग्स के लिए आईपीएल डेब्यू किया था। उस समय टीम की कप्तानी रविचंद्रन अश्विन के हाथों में थी। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अर्शदीप अब तक भारत के लिए 18 वनडे और 91 टी20 मुकाबले खेल चुके हैं। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वह भारत की ओर से सर्वाधिक 135 विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।
इंटरव्यू के दौरान अर्शदीप ने अपनी पसंदीदा ऑल फॉर्मेट भारतीय इलेवन भी चुनी। उन्होंने सचिन तेंदुलकर और गौतम गंभीर को ओपनर बनाया, जबकि राहुल द्रविड़, विराट कोहली, युवराज सिंह, रोहित शर्मा, महेंद्र सिंह धोनी, हरभजन सिंह, जहीर खान, जसप्रीत बुमराह और खुद को टीम में शामिल किया। उनकी इस टीम में 1983 विश्व कप विजेता कप्तान कपिल देव, महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर और भारत के सबसे सफल टेस्ट गेंदबाजों में शामिल अनिल कुंबले को जगह नहीं मिली, जिसने क्रिकेट प्रशंसकों के बीच नई बहस छेड़ दी।