छात्र आंदोलनों और प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर संसद में जारी गतिरोध के बीच संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सरकार का रुख साफ किया है। उन्होंने कहा है कि सरकार संसद में छात्रों के विरोध प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई सहित हर पहलू पर विस्तृत चर्चा कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने यह भी बताया कि गृह मंत्री अमित शाह खुद इस मुद्दे पर जवाब देंगे जैसा कि विपक्ष मांग कर रहा है।
किरेन रिजीजू ने न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए कहा, “सरकार छात्रों के आंदोलन और उससे जुड़ी सभी गतिविधियों पर संसद में नियम और परंपराओं के तहत विस्तार से चर्चा करने को तैयार है।”
संसदीय कार्य मंत्री ने कांग्रेस समेत विपक्ष से अपील की है कि जब गृह मंत्री या सरकार की तरफ से वक्तव्य दिया जाए, तो विपक्ष हंगामा करके बाधा न पहुंचाए।
सरकार ने दिया चर्चा का प्रस्ताव
रिजिजू ने कहा, “मेरी विपक्ष से केवल यही गुजारिश है कि जब चर्चा और जवाब दिया जा रहा हो, तो वे गृह मंत्री के वक्तव्य को शांतिपूर्वक सुनें और सदन की कार्यवाही में व्यवधान न डालें।”मीडिया को संबोधित करते हुए केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने छात्र आंदोलन को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह संसद में छात्र प्रदर्शनों पर बयान देने के साथ-साथ पूरी बहस का जवाब भी देंगे।रिजिजू ने कहा कि सरकार ने बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में साफ कर दिया है कि वह छात्र आंदोलन के मुद्दे पर व्यापक चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है। विपक्ष जिस भी मुद्दे पर सवाल उठाना चाहता है, सरकार उसका जवाब देने को तैयार है।
कांग्रेस-सपा सुलझाएं अपना मतभेद
उन्होंने विपक्ष से सदन में हंगामा न करने और कार्यवाही बाधित न करने की अपील की। रिजिजू ने कहा, “हमने अपनी तरफ से चर्चा का प्रस्ताव दे दिया है। अब कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच कुछ मतभेद दिखाई दे रहे हैं, जिन्हें उन्हें खुद सुलझाना होगा।”उन्होंने साफ कहा कि छात्रों के मुद्दे पर सरकार चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच जो भी राजनीतिक मतभेद हैं, उन्हें दोनों दलों को मिलकर सुलझाना होगा।
क्या थी विपक्ष की मांग?
विपक्षी दल दिल्ली और दूसरी जगहों पर प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ कथित पुलिस बल प्रयोग पर गृह मंत्री अमित शाह से संसद के भीतर जवाब और स्थिति स्पष्ट करने की मांग कर रहे हैं।
विपक्ष लगातार केंद्रीय गृह मंत्री की मौजूदगी और उनके बयान की मांग को लेकर संसद के दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) में हंगामा और नारेबाजी कर रहा है, जिससे कार्यवाही बार-बार बाधित हो रही है।
सरकार का कहना है कि वह छात्रों से जुड़े मुद्दों और उनकी चिंताओं पर चर्चा से पीछे नहीं हट रही है, लेकिन इसके लिए विपक्ष को संसदीय नियमों के तहत चर्चा में भाग लेना होगा।