ममता बनर्जी ने पूछा, देश में एक राजधानी क्यों, दीदी क्या साध रही हैं ?

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव होने हैं,जिसके चलते नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती पर बंगाल में आज जबरदस्त सियासी हलचल है। सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए शनिवार को ममता बनर्जी ने एक रैली निकाली तो पीएम मोदी भी नेताजी भवन में पराक्रम दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस बीच ममता बनर्जी ने पीएम पर निशाना साधते हुए कहा कि मेरा मानना है कि भारत में 4 रोटेटिंग राजधानियां होनी चाहिए। अंग्रेजों ने पूरे देश पर कोलकाता से शासन किया था। हमारे देश में केवल एक ही राजधानी क्यों होनी चाहिए। हम आज ‘देशनायक दिवस’ मना रहे हैं। रवींद्रनाथ टैगोर ने नेताजी को ‘देशनायक’ कहा था। क्या है ये ‘पराक्रम’?

ममता बनर्जी ने कहा कि नेताजी सिर्फ इतिहास नहीं हैं। एक आवेग और संस्कृति हैं। नेताजी के जन्मदिन पर राष्ट्रीय छुट्टी घोषित होनी चाहिए। नेताजी की पहचान सबसे परे है। नेताजी को सही मायने में जानने की जरूरत है। भारत की चार राजधानी होनी चाहिए। सब कुछ दिल्ली के पास ही क्यों होना चाहिए। नई पीढ़ी को नेताजी के बारे में पढ़ना चाहिए। नेताजी की मौत का रहस्य उजागर होना चाहिए। चुनाव में सरकार को बंगाल की याद आ रही है। देश के प्रति नजरिया बदलना होगा। उन्होंने कहा कि जब नेताजी ने भारतीय राष्ट्रीय सेना का गठन किया, तो इसमें उन्होंने गुजरात, बंगाल, तमिलनाडु के लोगों सहित सभी को लिया। वह अंग्रेजों की फूट डालो और राज करो नीति के खिलाफ खड़े थे। ममता बनर्जी ने कहा, हम आजाद हिंद स्मारक का निर्माण करेंगे। हम बताएंगे कि यह कैसे किया जाता है। उन्होंने मूर्तियों के निर्माण और एक नए संसद परिसर में हजारों करोड़ रुपये खर्च किए हैं। केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए ममता ने कहा, ‘बीजेपी लोगों को बांटना चाहती है, मेरी लड़ाई देश के लिए है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *