https://x.com/gharkekalesh/status/2085393756828901828?s=20
उत्तरी दिल्ली के जगतपुर गांव में गुरुवार को गली में जमा हुए बारिश के पानी के कारण तीन स्कूली बच्चे एक खुले नाले में गिर गए। हालांकि, इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने बिना समय गंवाए तुरंत उन्हें बाहर निकाल लिया, जिससे कोई बड़ा हादसा होने से टल गया। यह घटना वहां लगे एक सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
दिल्ली फायर सर्विस (डीएफएस) के अधिकारियों के अनुसार, बच्चे स्कूल से पैदल घर लौट रहे थे और गली में पानी भरा हुआ था तथा वे गलती से उफनते नाले में गिर गए। स्थानीय लोग तुरंत उनकी मदद के लिए दौड़े और तीनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना की सीसीटीवी फुटेज में बच्चों का एक ग्रुप जलभराव वाली सड़क से गुजरता दिखाई दे रहा है, जिसमें से तीन बच्चे अचानक खुले नाले में गिर गए, जिसके बाद राहगीरों ने उन्हें बचा लिया।
https://x.com/gharkekalesh/status/2085393756828901828?s=20
वहीं, एक अन्य घटना में दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के बिजवासन इलाके में गुरुवार को जलभराव के बीच सड़क किनारे नाले में गिरने से एक व्यक्ति की मौत होने की आशंका है। अधिकारियों ने बताया कि कई घंटों की तलाश के बावजूद बचाव दल उसे ढूंढने में नाकाम रहे।
डीएफएस के अनुसार, भारी बारिश के बीच बिजवासन के पास बागडोला गांव के नजदीक एक व्यक्ति के नाले में गिरने की सूचना दोपहर 12.20 बजे मिली। अधिकारियों ने बताया कि दोपहर 12.21 बजे दमकल की एक गाड़ी भेजी गई और नेशनल डिजास्टर रेस्पॉन्स फोर्स (एनडीआरएफ) की एक टीम भी तलाशी अभियान में शामिल हुई।
डीएफएस के एक अधिकारी ने कहा कि दमकल की एक गाड़ी और एनडीआरएफ की टीम ने व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन व्यक्ति का पता नहीं चल सका। यह बहुत बड़ा नाला है। अधिकारी ने कहा कि शव अब तक बरामद नहीं हुआ है और नाला एक बड़े नाले से जुड़ता है, जो अंततः एक नहर में जाकर मिलता है। उन्होंने बताया कि एसडीएम की अनुमति से अंधेरा होने के बाद बचाव अभियान स्थगित कर दिया गया क्योंकि कम रोशनी के कारण तलाश में बाधा आ रही थी। उन्होंने कहा कि टीम शुक्रवार को अभियान फिर से शुरू करेंगी।
इस बीच, दिल्ली के पूर्व डिप्टी मेयर प्रवीण राणा द्वारा जारी एक कथित वीडियो में दावा किया गया कि व्यक्ति दोपहर करीब 12 बजे द्वारका एक्सप्रेसवे पर बामनोली बस स्टैंड के पास फुटपाथ पर चलते समय नाले में गिर गया। राणा ने दावा किया कि एक स्थानीय निवासी ने घटना देखी और पैर पकड़कर व्यक्ति को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन उसे बचा नहीं सका।