रणघोष अपडेट. देशभर से
एआईएडीएमके ने एनडीए से संबंध तोड़ लिया है। इसने इसकी आधिकारिक तौर पर घोषणा कर दी। इस संबंध में पार्टी ने प्रस्ताव पारित किया है। चेन्नई में पार्टी के मुख्य कार्यालय में सांसदों, विधायकों और जिला प्रमुखों की बैठक में सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित होने के बाद अन्नाद्रमुक के उप महासचिव केपी मुनुसामी ने एनडीए से औपचारिक रूप से अलग होने की घोषणा की। इस ख़बर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर जश्न मनाया।ऑल इंडिया द्रविड़ मुनेत्र कड़गम यानी एआईएडीएमके ने बीजेपी को 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले तमिलनाडु में बड़ा झटका दिया है। पार्टी ने कहा कि यह कदम एक साल से अधिक समय से अन्नाद्रमुक और उनके नेताओं पर भाजपा के हमलों और मानहानि वाले बयानों के विरोध में उठाया गया है।पार्टी ने कहा, ‘भाजपा का राज्य नेतृत्व पिछले एक साल से हमारे पूर्व नेताओं, हमारे महासचिव ईपीएस और हमारे कार्यकर्ताओं पर लगातार अनावश्यक टिप्पणी कर रहा है। आज की बैठक में यह प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।’एआईएडीएमके के आधिकारिक पेज एक्स पर कहा गया है, ‘यह सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि एआईएडीएमके 2 करोड़ स्वयंसेवकों की राय और इच्छाओं का सम्मान करते हुए आज से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन से हट जाएगी।’