किसान घाट की यह तस्वीर बीजेपी को कर देगी विचलित, कैसे बदल रहे हैं यूपी के चुनावी समीकरण

रणघोष खास. देशभर से


दिल्ली के किसान घाट पर आज जो तस्वीर उभरी है, वो यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के मद्देनजर बीजेपी के दिल की धड़कन बढ़ा देगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में फिलहाल राजनीति किस तरफ जा रही है, यह तस्वीर उस तरफ भी इशारा कर रही है।…और जानते हैं इस तस्वीर को किसने सार्वजनिक किया है। यह तस्वीर खुद राकेश टिकैत ने अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर की है। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती है। उस मौके पर किसान घाट दिल्ली में चौधरी चरण सिंह के पोते और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) अध्यक्ष जयंत चौधरी परिवार के साथ पहुंचे और हवन भी किया। अभी जब हवन चल ही रहा था तो यूपी के बड़े किसान नेता राकेश टिकैत भी अचानक ही वहां पहुंचे और जयंत चौधरी के बगल बैठ गए।इसके बाद हवन सामग्री तो राकेश टिकैत डालते दिखे लेकिन घी जयंत चौधरी डालते देखे गए। दोनों इस काम में एक दूसरे की मदद कर रहे थे।

पूरे किसान आंदोलन के दौरान या बाकी रैलियों में टिकैत और जयंत चौधरी कभी एकसाथ नहीं दिखे।अलबत्ता, जयंत चौधरी खुल कर किसान आंदोलन का समर्थन और मदद कर रहे थे। उनकी पार्टी का पूरा काडर किसान आंदोलन में लगा हुआ था।

कैसे उलझाता है मीडिया


कार्यक्रम खत्म होने के बाद मीडिया ने दोनों को घेर लिया और जयंत चौधरी और राकेश टिकैत पर सवालों की बौछार कर दी।मीडिया ने जयंत चौधरी से अपना प्रिय सवाल पूछा कि अभी तक आपका सपा से सीटों का तालमेल हुआ नहीं और आप लोग एक साथ रैली कर रहे हैं।जयंत ने इसका जवाब दिया  हम लोग 403 सीटों पर लड़ रहे हैं। हमारे बीच बहुत बेहतर तालमेल है। आप लोगों ने हमारी मेरठ रैली देखी होगी। आज अलीगढ़ के इगलास में भी हमारी फिर एक रैली है। जरूर देखिएगा।

राकेश टिकैत को भी घेरा


मीडिया ने वहीं पर राकेश टिकैत को भी घेरा। उनसे सवाल किए कि वो क्या जयंत चौधरी की पार्टी के लिए प्रचार करेंगे।टिकैत ने कहा कि वो उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में किसी भी पार्टी का प्रचार नहीं करेंगे। लेकिन जो भी किसानों के हक के लिए लड़ेगा, हम उसके साथ खड़े हैं। हमारा संगठन उनके साथ खड़ा है।टिकैत ने कहा कि वो किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह को किसान घाट पर नमन करने आए थे। चौधरी साहब का परिवार और हम लोग सब एक हैं। हम लोग एक दूसरे के सुख-दुख में शामिल होते रहे हैं। राजनीति एक अलग चीज है। हम लोग किसानों की बात करते हैं। चौधरी चरण सिंह आजीवन किसानों के हित की बात करते रहे।बता दें कि राकेश टिकैत के पिता महेंद्र सिंह टिकैत भी चौधरी चरण सिंह परिवार के निकटवर्ती लोगों में रहे हैं।राकेश टिकैत ने 5 सितम्बर को मुजफ्फरनगर में जो सफल किसान महापंचायत की थी, उसमें भी रालोद के वे नेता पहुंचे थे, जो जाटों की तमाम खापों से जुड़े हुए हैं। राकेश टिकैत का जयंत चौधरी के साथ आज किसान घाट पर एकसाथ बैठना, जाट खापों में सीधा संदेश भेजेगा।