केजरीवाल ने हिसार में निकाली तिरंगा यात्रा

रणघोष अपडेट. हिसार. हरियाणा 

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरूवार को हरियाणा के हिसार में तिरंगा यात्रा निकाली। केजरीवाल ने यह यात्रा ‘मेक इंडिया नंबर 1’ मिशन के तहत निकाली है और आगे भी कई राज्यों में इस तरह की यात्राएं निकाली जाएंगी। हिसार केजरीवाल का जन्मस्थान भी है। इस दौरान हिसार की आदमपुर मंडी में जनसभा भी हुई। इस दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। केजरीवाल ने बुधवार को ‘मेक इंडिया नंबर 1’ मिशन लॉन्च किया था और कहा था कि अब हमें भारत को नंबर एक बनाना है और हर भारतीय को जोड़ना है। दूसरी ओर, कांग्रेस भी कन्याकुमारी से भारत जोड़ो यात्रा निकाल रही है। भारत जोड़ो यात्रा 3570 किमी. लंबी है और 5 महीने तक चलेगी। यह यात्रा 12 राज्यों से होते हुए जाएगी और जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में समाप्त होगी।

अकेले उतरेंगे केजरीवाल?

केजरीवाल ने पंजाब चुनाव में जीत के बाद एलान किया था कि उनकी पार्टी 2024 के लोकसभा चुनाव में किसी भी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी। इसका मतलब केजरीवाल तीसरे मोर्चे या चौथे मोर्चे जैसे किसी संभावित गठबंधन में शामिल नहीं होंगे और अकेले ही चुनाव मैदान में उतरेंगे। हालांकि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विपक्षी दलों को एकजुट करने की मुहिम के तहत उनसे मुलाकात की है।

बढ़ी ताकत 

भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन से निकली आम आदमी पार्टी ने 2013 में अपनी स्थापना के बाद से अब तक तीन बार दिल्ली में सरकार बनाई है जबकि इस बार पंजाब में भी उसे प्रचंड बहुमत मिला है। 2013 के विधानसभा चुनाव के बाद आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बनाई थी जबकि 2015 और 2020 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को अपने दम पर बड़ी जीत मिली थी। 2015 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को 70 सदस्यों वाली दिल्ली में 67 सीटों पर जीत मिली थी जबकि 2020 में यह आंकड़ा 62 सीटों का था।2014 के लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 4 सीटों पर जीत हासिल की थी लेकिन 2019 में यह आंकड़ा गिरकर एक रह गया था। लेकिन दिल्ली और पंजाब में मिली जीत की वजह से राज्यसभा में पार्टी के सांसदों का आंकड़ा 10 पहुंच गया है।

कई राज्यों में पसारे पैर

आम आदमी पार्टी गुजरात और हिमाचल प्रदेश में भी विधानसभा का चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ने जा रही है, वहां वह विपक्षी वोटों में सेंध लगा सकती है। आम आदमी पार्टी ने पिछले कुछ सालों में कर्नाटक से लेकर केरल और राजस्थान से लेकर मध्य प्रदेश तक अपने संगठन का विस्तार किया है। उसने उत्तराखंड और गोवा का चुनाव भी लड़ा था। उत्तराखंड में उसे कोई सीट नहीं मिली लेकिन गोवा में उसके दो विधायक जीते हैं। देखना होगा कि केजरीवाल ‘मेक इंडिया नंबर 1’ मिशन के तहत आम आदमी पार्टी को कितना मजबूत कर पाते हैं और उनके देशभर में घूमने के बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन कैसा रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *