रणघोष अपडेट. देशभर से
लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे दिग्गज अभिनेता नईम सैय्यद का शुक्रवार को निधन हो गया। वह 67 वर्ष के थे। जूनियर महमूद के रूप में प्रसिद्ध नईम सैय्यद का कैंसर का इलाज चल रहा था। दो हफ्ते पहले पता चला था कि वह स्टेज 4 के कैंसर से पीड़ित थे और कल रात उनकी हालत बिगड़ गई। उनका निधन मुंबई स्थित उनके घर पर हुआ। जूनियर महमूद के परिवार में उनकी पत्नी लता और दो बेटे हैं। हाल ही में कॉमेडियन और अभिनेता जॉनी लीवर ने जूनियर महमूद से मुलाकात की थी। उन्होंने अभिनेता जीतेंद्र और सचिन पिलगांवकर से मिलने की इच्छा जताई थी। एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार दोनों कलाकारों ने उनसे मुलाकात की थी। दिग्गज अभिनेता ने जीतेंद्र और सचिन पिलगांवकर के साथ कई फिल्मों में काम किया था।सचिन और जूनियर महमूद ने ‘बचपन’, ‘गीत गाता चल’ और ‘ब्रह्मचारी’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया। फिल्मों के अलावा वह भारत और विदेशों में कई स्टेज शो का हिस्सा रहे।अभिनेता ने अपने पांच दशक से अधिक लंबे करियर में 250 से अधिक फिल्मों में काम किया। जूनियर महमूद नईम सैय्यद का स्टेज नाम था। उन्होंने कटी पतंग, मेरा नाम जोकर, परवरिश और दो और दो पांच सहित कई हिट फिल्मों में काम किया।जूनियर महमूद ने नौनिहाल, कारवाँ, हाथी मेरे साथी, मेरा नाम जोकर, सुहाग रात, ब्रह्मचारी, कटी पतंग, हरे रामा हरे कृष्णा, गीत गाता चल, इमानदार, बाप नंबरी बेटा दस नंबरी, आज का अर्जुन, गुरुदेव, छोटे सरकार और जुदाई जैसी फिल्मों में अभिनय किया।