कोरोना से माता-पिता खोने वाले बच्चों को हर माह मिलेंगे 4 हज़ार रुपये

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कोरोना के कारण माता-पिता को खोने वाले बच्चों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के तहत ऐसे बच्चों की दैनिक ज़रूरतों को पूरा करने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से 4,000 रुपये प्रति महीने दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर किसी को प्रोफ़ेशनल कोर्स और उच्च शिक्षा के लिए शिक्षा ऋण की ज़रूरत होगी तो उसमें भी पीएम केयर्स मदद करेगा। इसके अलावा 18 से 23 वर्ष की आयु के लोगों को वजीफा दिया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केंद्र में आठ साल पूरे करने को लेकर एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम के दौरान स्कूल जाने वाले बच्चों को छात्रवृत्ति हस्तांतरित की गई। इसके साथ ही बच्चों के लिए पीएम केयर्स की पासबुक और आयुष्मान भारत के तहत एक स्वास्थ्य कार्ड भी दिया गया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी भी मौजूद थीं। प्रधानमंत्री ने कहा कि बच्चों के लिए पीएम केयर्स, आप सभी ऐसे कोरोना प्रभावित बच्चों की मुश्किलें कम करने का एक छोटा सा प्रयास है, जिनके माता और पिता, दोनों नहीं रहे। उन्होंने यह भी कहा कि यह इस बात का भी प्रतिबिंब है कि हर देशवासी पूरी संवेदनशीलता से आपके साथ है। पीएम ने कहा, ‘मैं जानता हूँ कोरोना की वजह से जिन्होंने अपनों को खोया है, उनके जीवन में आया ये बदलाव कितना मुश्किल है। हर दिन का संघर्ष, हर दिन की तपस्या। आज जो बच्चे हमारे साथ हैं, जिनके लिए ये कार्यक्रम हो रहा है, उनकी तकलीफ शब्दों में कहना मुश्किल है।’ बता दें कि पूरे देश में आधिकारिक तौर पर क़रीब सवा पाँच लाख मौतें हुई हैं, जबकि कई रिपोर्टों में अनुमान लगाया गया है कि क़रीब 47 लाख मौतें हुई होंगी। हालाँकि यह अभी साफ़ नहीं है जिसमें माता-पिता दोनों की कोरोना से मरने वालों की संख्या कितनी है।