ऑस्ट्रेलिया और स्कॉटलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2024 का 35वां ग्रुप स्टेज का मैच सेंट लूसिया में खेला गया। इस मैच की हार-जीत से इंग्लैंड की टीम पर फर्क पड़ना था। स्कॉटलैंड अगर ये मुकाबला जीतती तो सुपर 8 के लिए क्वॉलिफाई कर जाती, जबकि इंग्लैंड की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाती। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया ने इस मैच को जीत लिया और ग्रुप बी से ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की टीम ने सुपर 8 के लिए क्वॉलिफाई कर लिया। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया की टीम के रवैये पर सवाल खड़े हो रहे हैं और ऐसा लग रहा है कि ऑस्ट्रेलिया ने जानबूझकर मैच हारने की कोशिश की।
दरअसल, जब ये सिनेरियो सामने आया कि ऑस्ट्रेलिया और स्कॉटलैंड के बीच होने वाले मैच पर इंग्लैंड की टीम का भविष्य अटका हुआ तो ऑस्ट्रेलिया के पेसर जोश हेजलवुड ने एक कमेंट किया था कि उनकी कोशिश होगी कि इंग्लैंड की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाए। हालांकि, उन्होंने ये नहीं कहा था कि वे जानबूझकर ऐसा करेंगे। उन्होंने नामीबिया के खिलाफ मिली जीत के बाद कहा था, “इस टूर्नामेंट में, आप किसी समय फिर से इंग्लैंड के खिलाफ खेल सकते हैं और वे शीर्ष टीमों में से एक हैं और टी20 क्रिकेट में उनके खिलाफ हमें काफी संघर्ष करना पड़ा है, इसलिए अगर हम उन्हें टूर्नामेंट से बाहर कर सकते हैं तो यह हमारे और शायद सभी के हित में होगा।”