–गुडगांव के युवाओं के साथ मिलकर दिया घटना को अंजाम
–एक करोड की फिरौती से शुरू होकर 12 लाख तक पहुंचे
रणघोष अपडेट. नारनौल, (रामचंद्र सैनी)
गत पांच दिन पहले 22 फरवरी को यहां के कोजिंदा गांव से दिनदहाडे एक स्कारपियों गाड़ी में चार युवकों द्वारा अपहरण किए गए 12 कक्षा के छात्र दिनेश को गुडगांव से सकुशल बरामद कर लिया गया है। दिनेश के अपहरण का मास्टर माइंड परिवार में नजदीकी नाते में चाचा लगने वाले हिमांशु सैनी ही निकला है। दिनेश का अपहरण पैसों के लालच में किया गया था। इस सारे घटनाक्रम का खुलासा दिनेश के अपहरण करने वालों में पकड़े गए रोहित नाम के लडके ने पुलिस के सामने पूछताछ के दौरान किया। दिनेश तक पहुंचने में पुलिस के लिए अपहरणकर्ताओं द्वारा उसके परिजनों के पास एक करोड़ रुपये की फिरौती के लिए किया गया फोन सबसे बड़ा मददगार साबित हुआ। वरना तो इससे पहले पुलिस दिनेश के पिता के पुराने बिजनेस पार्टनर और जमीनी विवाद के चलते गांव के ही कुछ लोगों पर शक करके जांच दूसरी दिशा में कर रही थी लेकिन जैसे ही 24 फरवरी को अपहरणकर्ताओं ने दिनेश के परिजनों के पास एक करोड रुपये की फिरौती का फोन किया तो पुलिस ने इस मामले में फटाफट साबइर सैल की मदद ली। साइबर सैल से मिली लोकेशन के अनुसार जिला महेंद्रगढ की सीआईए सहित गुडगांव एवं मेवात जिला की पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाकर सोहना रोड पर पारस अस्पताल के सामने एक जगह से दिनेश को अपहरणकर्ताओं के चुंगुल से सकुशल छुडा लिया गया। पुलिस के अनुसार जिस समय दिनेश को छुडवाया उस समय केवल रोहत नामक एक अपहरणकर्ता की पुलिस की पकड़ में आया बाकी तीन फरार हो गए। पुलिस के अनुसार अपहरण के लिए प्रयोग की गई स्कारपियो गाडी भी मौके से बरामद कर ली गई है। इस मामले में नारनौल के डीएसपी अमरजीत सिंह ने शुक्रवार को सदर थाना में आयोजित एक पत्रकार सम्मेलन में बताया कि दिनेश के अपहरण की साजिश कोजिंदा गांव के नाते में उसके चाचा हिमांशु सैनी ने रची थी और इस सबके लिए हिमांशु ने गुडगांव में अपनी बुआ के लडके विकास से संपर्क किया था। डीएसपी के अनुसार विकास ने इसके लिए गुडगांव के ही अजय, रोहित व विशाल से संपर्क किया था। इनमें अजय सबका सरगना था और 22 फरवरी को इन चारों ने सुबह स्कूल जाते समय ही दिनेश को उठाने का प्लान बनाया था लेकिन दिनेश सुबह स्कूल जा चुका था। बाद में हिमांशु से मिली लोकेशन के अनुसार इन चारों ने दिनेश को स्कूल से वापस लौटते समय निर्माणाधीन बाइपास रोड के पास से उठाकर एक स्कारपियो गाड़ी में डालकर ले गए। डीएसपी ने बताया कि इस मामले में अजय, विकास व विशाल की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगी हुई है। शीघ्र ही बाकी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।