चुनाव शहर की सरकार का: पूर्व जिला प्रमुख सतीश यादव का पूर्व मंत्री कप्तान पर हमला

30 साल रेवाड़ी में राज किया, एक काम गिना दे जिस पर शहर गर्व करता हो, राजनीति छोड़े देंगे


जो शख्स पांच दिन में टिकट को लेकर पलटी खा जाए उस पर कैसे भरोसा कर ले


पूर्व विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास का आशीर्वाद मिलने के बाद जोश में दिख रहे पूर्व जिला प्रमुख सतीश यादव ने पूर्व मंत्री कप्तान अजय सिंह यादव को सीधी चुनौती दी है। सतीश यादव ने कहा कि कप्तान ने 30 साल तक रेवाड़ी पर राज किया। नगर परिषद को अपने घर की जागीर समझकर मर्जी से चलाया। इन सालों में कप्तान एक भी काम ऐसा गिनवा दे जिस पर शहर की जनता गर्व महसूस करती हो वे राजनीति से सन्यास ले लेंगे। सतीश यादव ने कहा कि जो शख्स पांच दिन में टिकट को लेकर पलट जाए उस पर भरोसा कैसे किया जा सकता है। पहले कहा परिवार से कोई सदस्य खड़ा नहीं होगा। उसके बाद चालाकी से अपने परिवार के सदस्य को खड़ा कर दिया। क्या रेवाड़ी शहर को कप्तान अजय सिंह यादव अपना गुलाम समझते हैं। क्या राजनीति में सेवा करने के लिए एक लाख 7 हज़ार की आबादी वाली इस नगर परिषद में इनके परिवार के अलावा कोई नहीं मिला। अब समय आ चुका है। जनता को जागना होगा। परिवारवाद की राजनीति का अंत होने ही जनता का राज कायम  होगा।

सतीश यादव नप चुनाव में चेयरमैन उम्मीदवार अपनी पत्नी उपमा देवी के चुनाव प्रचार में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष को प्रमाण की जरूरत नहीं है।  नगर परिषद में कप्तान के राज में जमकर लूटपाट की गईं। यह परिषद जनता के टैक्स चलती  है ओर विकास की ग्रांट भी हमारी खून पसीने के कमाई के एक हिस्से के तोर पर सरकार के खजाने में जमा होती है। जनता के आशीर्वाद से उपमा देवी को जिम्मेदारी मिलते ही पहली कलम से कप्तान राज में हुए घोटाले की तमाम फाइलों खोला जाएगा। कितने करोड़ों अरबों रुपए का गोलमाल हुआ यह जनता भी अच्छी तरह से जानती है। उन्हें हैरानी है कि पिछले लोकसभा चुनाव में गांव मीरपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए  राव इंदजीत सिंह ने सार्वजनिक तौर पर कहा था कि उनकी सरकार बनते ही सबसे पहले वे भ्रष्टाचार मामले में कप्तान को जेल पहुंचाने का काम करेंगे। एक साल से अधिक समय हो गया। राव इंद्रजीत सिंह खामोश है। जनता को ये नेता कब तक अपने हितों के लिए झूठ पर झूठ बोलकर ठगते रहेंगे।  इस चुनाव में इन नेताओं का पर्दाफाश करने का समय आ चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *