चुनाव शहर की सरकार का….. यह चुनाव चेयरमैन से ज्यादा राव इंद्रजीत सिंह से आस पास घूम रहा है

रणघोष खास. सुभाष चौधरी 


शहर के नगर निकाय चुनाव में रेवाड़ी चेयरमैन सीट की तस्वीर हर रोज अपना अंदाज बदल रही है। जिस तरह भाजपा- कांग्रेस की तरफ से हमले किए जा रहे हैं। उसका सारांश निकाला जाए तो चेयरमैन से ज्यादा केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह  के इर्द- गिर्द किए जा रहे हमले ज्यादा चर्चा में हैं। इसलिए राव इंद्रजीत सिंह को मजबूरन आगे आना पड़ा कि चुनाव में उनकी बेटी आरती राव का नाम चेयरपर्सन के लिए ना घसीटा जाए। ऐसा बोलने वाले उनके हितैषी नहीं हो सकते। सभी को पता है कि यह छोटा चुनाव है। आरती बड़े मकसद से राजनीति में आई है। भाजपा की तरफ से गठित कमेटी तय करेगी टिकट किसे दिया जाए।  जिसे भी यह अवसर मिलेगा हम हर तरीके से उसकी मदद करेंगे।

आमतौर पर राव इंद्रजीत सिंह खुद पर किए जा रहे हमलों का जल्दी से जवाब नहीं देते हैं। विधानसभा के चुनाव में भी टिकट मिलने या नहीं मिलने को लेकर वे कभी मीडिया में नहीं आए। ऐसे में शुक्रवार को मीडिया में उनका बयान आना यह बताता है कि वे कांग्रेस से ज्यादा पार्टी में अपनों के बीच ज्यादा लड़ रहे हैं। इसमें कोई शक नहीं की राव इंद्रजीत सिंह जब कांग्रेस में थे तब भी अपने मिजाज की राजनीति करते थे और भाजपा में भी उसी वर्क स्टाइल के साथ आगे बढ़ रहे हैं। यहां उनके सामने बड़ी चुनौती देखा जाए तो मैनेजमेंट स्तर की सामने आ रही है। कांग्रेस से पूर्व मंत्री कप्तान अजय सिंह का राव इंद्रजीत सिंह पर लगातार हमला करना अपनी राजनीति जमीन को सिंचित करने की तरह है। 2019 के लोकसभा चुनाव में प्रचार के दौरान कप्तान जमकर बोले तो राव को यह कहना पड़ा कि सत्ता में आने पर वे कप्तान को भ्रष्टाचार के मामलों में जेल पहुंचाने का काम करेंगे।

इसके बाद दोनों तरफ से हमले तेज हो गए। इसके बाद आए विधानसभा चुनाव में टिकट को लेकर राव कांग्रेस से ज्यादा पार्टी के भीतर ही घिरते नजर आए। इसलिए हरको बैंक के चेयरमैन अरविंद यादव एवं पूर्व विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष तोर पर आरती राव को चेयरमैन पद पर लड़ने की वकालत कर रहे हैं। यहां अरविंद यादव का स्पष्ट कहना है कि उनकी मंशा राव इंद्रजीत सिंह की मर्यादा को मजबूत करना है। इसलिए वे आरती को जीताने में अपनी पूरी ताकत लगा देंगे जबकि कापड़ीवास सीधे तोर पर कटाक्ष कर रहे हैं। वे सार्वजनिक तौर पर हर मंच पर राव इंद्रजीत एवं कप्तान अजय सिंह यादव पर सीधा हमला कर रहे हैं। कुल मिलाकर मौजूदा हालात में चुनाव चेयरमैन से ज्यादा राव इंद्रजीत सिंह के आस पास ज्यादा घूम रहा है। वह किस दिशा में जाएगा यह आने वाला समय बताएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *