जंग अभी जारी है: 87 लाख हुए कोरोना से ठीक, फिर भी भारत के सामने है यह बड़ी चिंता, जानें किस राज्य में कैसे हैं हालात

देश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस (कोविड-19) से 33 हजार से अधिक लोगों के स्वस्थ होने के साथ इससे निजात पाने वालों की संख्या 87.11 लाख के पार पहुंच गई। देश में रिकवरी दर 93 से अधिक हो गई है, लेकिन परेशानी का सबब यह है कि इस दौरान स्वस्थ होने वालों की तुलना में नए मामलों की संख्या अधिक रही जिससे सक्रिय मामलों में बढ़ोतरी हुई है। देश में गुरुवार रात तक 39580 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या 93.06 के पार पहुंच गई। इसके साथ ही सक्रिय मामलों की संख्या 4.56 लाख से अधिक हो गई है।

देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच चिंता की बात यह है कि नये मामलों की तुलना में स्वस्थ लोगों की संख्या में कमी आने से रिकवरी दर में आंशिक गिरावट दर्ज की गई और यह 93.61 फीसदी रह गई है। देश में सक्रिय मामलों की दर 4.90 प्रतिशत जबकि मृत्यु दर भी महज 1.46 फीसदी पर बनी हुई है। कोरोना संक्रमण के मामले में भारत दुनियाभर में अमेरिका के बाद दूसरे स्थान पर है। अमेरिका में संक्रमितों की कुल संख्या करीब 1.28 करोड हो गई है। भारत हालांकि अमेरिका से अभी भी 38.86 लाख मामले पीछे चल रहा है।

महाराष्ट्र कोराना के संक्रमित, सक्रिय और रिकवरी तीनों मामलों में शीर्ष पर है। पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण  के 6,406 नये मामले सामने आने से संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 18 लाख के पार 18,०2,365 पहुंच गई। इस महामारी से 4,815 और मरीजों के स्वस्थ होने से इससे निजात पाने वालों की संख्या 16,68,538 हो गई है और 65 और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा 46,813 हो गया है। जबकि सक्रिय मामलों की संख्या बढ़ कर अब तक 85,963 पहुंच गई है।

राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस का प्रकोप दिन प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है और पिछले 24 घंटों के दौरान 5,475 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या 5.51 लाख से अधिक हो गई लेकिन राहत की बात यह है कि स्वस्थ मरीजों की संख्या भी 5.03 के पार पहुंच गई है। प्रदेश में सक्रिय मामलों की संख्या 38,734 हो गई है जबकि मृतकों का आंकड़ा 8811 हो गया है।

कनार्टक में पिछले 24 घंटो के दौरान सक्रिय मामलों में 407 की वृद्धि होने के साथ इनकी संख्या बढ़कर 25,316 पहुंच गई। जो चिंता की बात है। राज्य में 1505 नए माामलों के बढ़ने के साथ इनकी कुल संख्या  8,79,560 हो गई है। इस दौरान 1067 और मरीजों के स्वस्थ होने से रोग मुक्त लोगों की संख्या बढ़कर 8,42,499 हो गई है। इसी अवधि में 12 और लोगों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा 11,726 हो गया है।

आंध्र प्रदेश में आज संक्रमितों की संख्या बढ़कर  8,65,7०5 हो गई। राज्य में आठ और लोगों की मौत से मृतकों की संख्या 6,970 हो गई है। राज्य में संक्रमितों की तुलना में रोगमुक्त होने वालों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई। इस दौरान 1,०81 और मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण मुक्त होने वालों की संख्या बढ़कर 8,46,120 हो गई है। राज्य में रिवकरी दर 97.73 फीसदी पहुंच गई।

तमिलनाडु में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना से संक्रमित 1,464 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या गुरुवार को 7.76 लाख के पार पहुंच गयी लेकिन राहत की बात यह है कि मरीजों के स्वस्थ होने की दर भी बढ़कर 97 फीसदी के पार पहुंच गयी है। इस अवधि में कोरोना के संक्रमण से 14 और मरीजों की जान चली गयी जिससे मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 11,669  हो गया। इस दौरान राज्य में 1,797 और मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण से मुक्त होने वालों की संख्या बढ़कर  7,53,332 हो गयी। राज्य में रिकवरी दर 97.०5 फीसदी हो गयी है।

केरल में आज नये मामलों की तुलना में स्वस्थ होने वालों की संख्या अधिक रही और सक्रिय मामलों में कमी आयी है। राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान 5,378 नये मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या 5,83,742  पहुंच गयी, लेकिन राहत की बात यह है कि सक्रिय मामलों में फिर से गिरावट दर्ज की गयी है जो घट कर 64,497 रह गये। राज्य में इस दौरान 5,97० और मरीजों के स्वस्थ होने से रोग मुक्त लोगों की संख्या 5,16,978 हो गयी है। मृतकों की संख्या बढ़कर 2,149 हो गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *