राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के प्रगति मैदान में जी-20 शिखर सम्मेलन की आज से आधिकारिक तौर पर शुरुआत होने वाली है. सुबह 9 बजे से अलग-अलग देशों के राष्ट्र प्रमुख प्रगति मैदान में स्थित भारत मंडपम में पहुंचना शुरू हो जाएंगे. ‘वन अर्थ, एक फैमिली’ पर दो सत्र दिन के एजेंडे में हैं, जिसका समापन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा आयोजित रात्रिभोज समारोह से होगा. अमेरिकी राष्ट्रपति जो बिडेन, ब्रिटेन के प्रधान मंत्री ऋषि सुनक, बांग्लादेश की पीएम शेख हसीना, जापान की फुमियो किशिदा सहित विश्व के शीर्ष नेता देश में पहुंच चुके हैं. आज सुबह साढ़े नौ बजे से बैठक शुरू होगी. मेडिकल स्टोर और हॉस्पिटल को छोड़कर, ऑनलाइन डिलीवरी सेवाओं पर पाबंदी के साथ, नई दिल्ली जिले में कड़े यातायात नियम लागू किए गए हैं. नई दिल्ली के सभी इलाकों में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है. एसपीजी, क्विक रिसपॉन्स टीम, दिल्ली पुलिस के साथ-साथ अन्य फोर्स भी तैनात की गई हैं. सड़कों पर हेलिकॉप्टर के जरिए निगरानी रखी जा रही है. बीते शुक्रवार को जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए अमेरिका, ब्रिटेन, जापान, बांग्लादेश, इटली सहित कई देशों के राष्ट्र प्रमुख दिल्ली पहुंचे, जिनका एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया. बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दो दिवसीय शिखर सम्मेलन में 15 से अधिक द्विपक्षीय वार्ता करने वाले हैं.
जी20 समिट लाइवः जानें G20 Summit में कौन-कौन से देश शामिल
जी20 समूह में भारत, अमेरिका, इंडोनेशिया, दक्षिण अफ्रीका, तुर्किये, ब्रिटेन, यूरोपीय संघ, मैक्सिको, रूस, चीन, फ्रांस, जर्मनी, कनाडा, जापान, रूस, अर्जेंटीन, ब्राजील, सऊदी अरब, कोरिया गणराज्य शामिल हैं.