डहीना में शहीद के परिजनों के साथ की गई मारपीट की जांच करेंगे एसडीएम

डहीना में शहीद संदीप सिंह के स्वजन से पुलिस द्वारा की गई मारपीट के मामले में उनकी वीरांगना परिवार के लोगों ने शनिवार को उपायुक्त यशेंद्र सिंह से मुलाकात की। उपायुक्त ने इस मामले की जांच के लिए एसडीएम रविंद्र यादव को जांच अधिकारी नियुक्त कर दिया है। शहीद संदीप सिंह की वीरांगना मंजू देवी परिवार के अन्य सदस्यों ने उपायुक्त यशेंद्र सिंह से मुलाकात करके बताया कि वे लोग 16 फरवरी को शांतिपूर्वक तरीके से शहीद स्मारक के बाहर धरना दे रहे थे। उन लोगों की मांग है कि शहीद संदीप सिंह के स्मारक के पास बस क्यू शेल्टर बनाया जाए। अगर वहां पर बस क्यू शेल्टर बनाया गया तो गंदगी फैलेगी लोग वहां बैठकर शराब पिएंगे। जब वह धरना दे रहे थे तो उसी समय डहीना चौकी पुलिस वहां पहुंची तथा उनके साथ मारपीट की गई। उनके परिवार के सदस्यों को गिरफ्तार करके लाकअप में डाल दिया गया। उपायुक्त यशेंद्र सिंह ने कहा कि इस मामले की जांच एसडीएम रविंद्र यादव से कराई जाएगी तथा जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी शहीद परिवार को कोई परेशानी नही होने दी जाएगी।