डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम से ‘आशीर्वाद’ ले रहे बीजेपी के नेता

रणघोष अपडेट. देशभर से 

हत्या और बलात्कार के मामलों में जेल की सजा काट रहा डेरा सच्चा सौदा का प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह इन दिनों पैरोल पर बाहर है। राम रहीम सिंह इन दिनों बागपत में स्थित डेरे से ऑनलाइन सत्संग कर रहा है। ऑनलाइन सत्संग के दौरान बीजेपी के कई नेता डेरा प्रमुख से ‘आशीर्वाद’ ले रहे हैं। इसमें हरियाणा के करनाल की मेयर सहित बीजेपी के कई नेता शामिल हैं। गुरमीत राम रहीम सिंह को कुछ दिन पहले 40 दिन की पैरोल दी गई थी। राम रहीम सिंह को पैरोल मिलने को लेकर इसलिए सवाल उठे थे क्योंकि हरियाणा में आदमपुर सीट पर उपचुनाव होने वाला है और साथ ही राज्य में जिला परिषद और पंचायत समितियों के चुनाव भी होने वाले हैं।एएनआई के मुताबिक, डेरा प्रमुख से आशीर्वाद लेने वाले बीजेपी के नेताओं में करनाल की मेयर रेणु बाला गुप्ता, उप महापौर नवीन कुमार, वरिष्ठ उप महापौर राजेश अग्गी सहित चुनाव लड़ने वाले कुछ उम्मीदवार भी शामिल थे।

चुनाव से ना जोड़ें

करनाल के डिप्टी मेयर नवीन कुमार ने एएनआई से कहा कि उन्हें डेरा प्रमुख के सत्संग में संगत के द्वारा बुलाया गया था। उन्होंने बताया कि उनके वार्ड में कई लोग डेरा प्रमुख से जुड़े हुए हैं और वह अपने सामाजिक संपर्कों के जरिए ही इस सत्संग में वर्चुअली जुड़े थे और इसका बीजेपी या आगामी उपचुनाव से कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी दोषी को पैरोल हासिल करने का अधिकार है और इसे चुनाव से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। द इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, करनाल की मेयर रेणु बाला गुप्ता ने ऑनलाइन सत्संग के दौरान डेरा प्रमुख को पिताजी कह कर संबोधित किया। डेरे के समर्थक उन्हें इसी तरह संबोधित करते हैं।

पैरोल पर सवाल 

इससे पहले गुरमीत राम रहीम सिंह को इस साल जून में 1 महीने की पैरोल दी गई थी। इस साल फरवरी में भी गुरमीत राम रहीम सिंह 21 दिन के लिए जेल से बाहर आया था और तब भी उसके जेल से बाहर आने पर सवाल उठाए गए थे क्योंकि उस दौरान पंजाब और उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होने वाला था। हरियाणा के साथ ही पंजाब में भी गुरमीत राम रहीम सिंह के अनुयायी हैं। पंजाब के मालवा क्षेत्र में बड़ी संख्या में उसके अनुयायी हैं। उत्तर प्रदेश में भी डेरे के अनुयायी हैं।हरियाणा के 10 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति के सदस्यों के चुनाव 30 अक्टूबर को होंगे। सरपंच के चुनाव के लिए मतदान 2 नवंबर और 9 नवंबर को होगा जबकि आदमपुर सीट पर उपचुनाव 3 नवंबर को होगा।  फरवरी में हरियाणा की खट्टर सरकार ने गुरमीत राम रहीम को जेड प्लस सुरक्षा दी थी। सुरक्षा देने के पीछे खालिस्तान समर्थकों से उसकी जान को खतरा होना बताया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *