दिल्ली में यमुना का जल स्तर रिकॉर्ड स्तर पर; केंद्र हस्तक्षेप करे: सीएम

रणघोष अपडेट. देशभर से

दिल्ली में अब यमुना का जल स्तर ख़तरनाक स्तर तक पहुँच गया है। ओल्ड रेलवे ब्रिज पर यमुना का जलस्तर दोपहर 1 बजे 207.55 मीटर तक पहुँच गया। यह शहर में अब तक का सबसे ऊँचा स्तर है। सुबह जल स्तर 207.25 मीटर दर्ज किया गया था। कल, यमुना नदी का जल स्तर ख़तरे के निशान को पार कर गया था। इसके साथ ही यमुना खादर, मयूर विहार जैसे क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित जगहों पर निकालने का प्रयास जारी है। कुछ रिपोर्टों में कहा गया है कि कई जगहों पर लोग रात भर फँसे रहे और उन्होंने अपने-अपने छतों पर आश्रय लिया। जल स्तर ख़तरे के निशान से ऊपर पहुँचने पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने चिंता जताई है।  केजरीवाल ने कहा है, ‘केंद्रीय जल आयोग ने आज यमुना में 207.72 मीटर जल स्तर की भविष्यवाणी की है। दिल्ली के लिए अच्छी खबर नहीं है। दिल्ली में पिछले 2 दिनों से बारिश नहीं हुई है, हालांकि हथिनीकुंड बैराज में हरियाणा द्वारा असामान्य रूप से अधिक मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण यमुना का स्तर बढ़ रहा है। केंद्र से हस्तक्षेप करने और यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि यमुना का स्तर और न बढ़े। उच्चतम बाढ़ स्तर 207.49 मीटर (1978 में)। वर्तमान स्तर 207.55 मीटर।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *