कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष उदयभान का बयान छवि खराब करने के लिए भाजपा नेता रच रहे हैं साजिश
रणघोष अपडेट. पलवल
हाल ही में हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज के जनता दरबार में हरियाणा कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ सैकड़ों एकड़ पंचायती जमीन के गबन का शिकायत पहुंची थी जिसपर अब जाकर पहली बार कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान की प्रतिक्रिया आयी है। हरियाणा कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष उदयभान पर विधायक रहते हुए पंचायत की लगभग 200 एकड़ जमीन को हड़पने का आरोप लगा है और यह आरोप एक शिकायतकर्ता ने हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज को अंबाला में लगे उनके खुले दरबार में शिकायत देकर लगाया है जिसपर इस मामले की जांच हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज के आदेश पर जिला उपायुक्त पलवल को सौंप दी गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि शिकायतकर्ता 200 एकड़ भूमि की बात करता है जबकि उनके पास कृषि की दो एकड़ भूमि भी नही है। उनके प्रदेश अध्यक्ष बनते ही उनकी छवि को खराब करने के लिए भाजपा के नेता यह साजिश रच रहे हैं, लेकिन इसमें वह कभी कामयाब नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि अगर उन्होंने पंचायत की जमीन को अपने चहेतों के नाम कराया है तो पिछले 8 सालों से हरियाणा में भाजपा के नेतृत्व की सरकार है वह चुप क्यों बैठे थे ? उन्होनें सवाल किया कि इस जमाने मे क्या कोई अपनी 200 एकड़ जमीन दूसरे के नाम करा सकता है। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता के पास ऐसा कौन सा पैमाना है जिससे उन्होनें यह नाप लिया की विवादित जमीन मेरी है और मैने ही उसे अपने चहेतों के नाम कराया हुआ है। उन्होंने सवाल किया की आज तक शिकायत कर्ता ने उक्त जमीन के बारे मे मेरा नाम क्यों नही लिया और अब जब मुझे प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है तभी साजिश के तहत मेरा नाम घसीटने की कोशिश की जा रहीं है। उन्होनें कहा की भाजपा के कुछ नेताओं जिन्होंने यह साजिश रची है वह अपने मनसूबे में कभी भी कामयाब नही होंगे। उन्होंने कहा कि उनके प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने के बाद भाजपा को अपना वोट बैंक खिसकता हुआ दिखाई दे रहा है इसीलिए इस तरह की साजिश रची जा रही है और उनकी छवि को खराब करने की कोशिश की जा रहीं हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में जो भी शिकायतकर्ता है उसपर मानहानि का केस करेंगे जिसके लिए उन्होंने वकील को भी नियुक्त कर दिया है। इतना ही नही उदयभान ने स्थानीय भाजपा विधायक जगदीश नायर पर भी गम्भीर आरोप लगाए और उन्हें कमीशन खोर व ड्रामेबाज बताया। बता दें कि हरियाणा के अंबाला कैंट में शनिवार को गृह एंव स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज का जनता दरबार लगा था। इस जनता दरबार मे ही मंत्री विज के पास हरियाणा कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष उदयभान की भी शिकायत पहुंची। जिस पर सुनवाई करते हुए मंत्री अनिल विज ने जांच के आदेश दिये हैं। पलवल के रहने वाले शिकायतकर्ता मुरारी लाल ने अपनी शिकायत में कहा है कि उदयभान ने पंचायत की यह जमीन काफी पहले विधायक रहते मौजूदा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भान ने गांव की सैकड़ों एकड़ पंचायती जमीन अपने चहेतों के नाम दर्ज करवा दी थी। वहीं जब जमीन के बारे में पलवल के फाटनगर गांव के शिकायत कर्ता मुरारी लाल व उसके भाई रमेश से जानकारी ली तो उन्होंने बताया कि यह जमीन फाटनगर गांव की देह शामलात की 238 एकड़ जमीन है। जिस पर तत्कालीन एसडीएम व उपायुक्त ने इसकी म्यूटेशन रद्द की हुई है। अब कब्ज़ा धारियों ने आगे कमिश्ननर के यहां अपील की हुई है। जमीन पर कब्जे के बारे मे पूछने पर उन्होनें कहा कि पूर्व विधायक उदयभान के नाम पर कोई जमीन नही है, लेकिन उन्होनें अपने चहेतों के नाम जिनमें अंबाला, होडल, पलवल के गुंजन खुराना, पूनम, अनिल वगैरा लोग शामिल है उनके नाम पर कराई हुई है।