नगर निकाय चुनाव मिलकर लड़ेगा बीजेपी-जेजेपी गठबंधन

-टोहाना, नरवाना, मंडी डबवाली और नूंह नगरपरिषद जेजेपी के हिस्से में आई


बीजेपी-जेजेपी गठबंधन मिलकर नगर निकाय चुनाव लड़ेगा।  बीजेपी-जेजेपी के वरिष्ठ नेताओं ने विचार-विमर्श कर यह निर्णय लिया है। गुरुवार शाम को हरियाणा निवास पर  भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ एवं जेजेजी के प्रदेश अध्यक्ष सरदार निशान सिंह एवं जेजेपी प्रधान महासचिव दिग्विजय सिंह चौटाला ने संयुक्त बयान में बताया कि  4 नगरपरिषदों में जेजेपी और 14 नगरपरिषदों में बीजेपी चुनाव लड़ेगी। धनखड़ ने कहा कि  मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस मैदान छोड़कर भाग गई है।  बदले हुए समीकरण पर गठबंधन ने पुनर्विचार कर यह फैसला लिया है। जेजेपी अध्यक्ष निशान सिंह ने कहा कि दोनों पार्टियां मजबूती से मिलकर चुनाव लड़ेगी। जेजेपी प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता गठबंधन प्रत्याशियों की जीत के लिए प्रचार करेंगे। घोषित उम्मीदवारों से चर्चा करके जल्द दोबारा सूची जारी की जाएगी।  टोहाना, नरवाना, मंडी डबवाली और नूंह नगरपरिषद जेजेपी के हिस्से में आई है। नगरपालिका के चुनाव का फैसला स्थानीय जिला इकाइयों पर छोड़ा गया है।