पुणे पोर्शे कांड में बड़ा ऐक्शन, डॉक्टर समेत दो हुए गिरफ्तार; ब्लड सैंपल बदलने के आरोप

पुणे पोर्शे कांड में पुलिस का बड़ा ऐक्शन हुआ है। खबर है कि सबूतों से छेड़छाड़ के आरोप में डॉक्टर और फॉरेंसिक विभाग के प्रमुख को गिरफ्तार किया गया है। कहा जा रहा है कि खून के नमूनों को बदल दिया गया था। हालांकि, अब तक इसे लेकर पुलिस की तरफ से आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है। अब तक पुलिस ने नाबालिग आरोपी के पिता और दादा को गिरफ्तार कर लिया है।

इंडिया टुडे से बातचीत में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सासून अस्पताल के फॉरेंसिक डिपार्टमेंट के प्रमुख और एक अन्य डॉक्टर को सबूतों से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। खास बात है कि इसी अस्पताल में नाबालिग आरोपी को मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया था। रविवार सुबह करीब 3 बजे हुए हादसे में मध्य प्रदेश के रहने वाले दो इंजीनियर्स की मौत हो गई थी।