50 पर पारा, दम तोड़ने लगे लोग; राजस्थान में BSF जवान समेत 2 की गर्मी से मौत

गर्मी जानलेवा हो गई है। यह सिर्फ कहने की बात नहीं, राजस्थान में अब हालात सचमुच ऐसे हो गए हैं। तापमान 50 पार जाने को बेताब है तो हीट-स्ट्रोक की वजह से एक शख्स की मौत हो गई है। उधर, भारत-पाकिस्तान सीमा पर तैनात एक बीएसएफ जवान की भी जान मौसम ने ले ली है। भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग हालात से निपटने के लिए खास इंतजाम में जुटा है। बेहतर प्रबंधन के लिए हर अस्पताल में एक नोडल अधिकारी की तैनाती की गई है।

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार पिछले 24 घंटे में जोधपुर, बीकानेर और कोटा संभाग में अनेक जगह ‘हीटवेव और हाई हीटवेव’ दर्ज की गई। इस दौरान फलोदी में अधिकतम तापमान 49.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 6.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है। राज्य में पड़ रही गर्मी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बीती रात सर्वाधिक न्यूनतम तापमान कोटा में 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 5.0 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम केंद्र के अनुसार राज्य में भीषण गर्मी का दौर अभी जारी रहेगा।