पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर किये फल वितरित

कांग्रेसजनों ने कहा- सूचना व प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में देश को आगे बढ़ाया राजीव गांधी ने


देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 30वीं पुण्यतिथि पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आज कोरोना पीड़ितों और महामारी में अपना दायित्व का पालन कर रहे डॉक्टरों, नर्स और पुलिसकर्मियों को फल व बिस्किट वितरित किए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कोरोना पीड़ितों की मदद करना ही स्वर्गीय राजीव गांधी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि सूचना व प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में देश को आगे ले जाने का श्रेय पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को जाता है। जिनकी दूरदर्शी सोच के कारण देश इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ा। यही वजह है कि राजीव गांधी को लोग कंप्यूटर क्रांति का जनक भी कहते हैं। टेक्नोलॉजी में भारत की गिनती अग्रणीय देशों में होती है जो राजीव गांधी की बदौलत संभव हुआ है।

कांग्रेस नेताओं ने सबसे पहले दादरी के एमएलआर रासीवासिया में बने कोविड सेंटर में डॉक्टर ज्योति व उनकी टीम को कोरोना पीड़ितों के लिए फल और बिस्किट दिए। इस दौरान उन्होंने पिछले चौदह दिन से कोविड सेंटर में कांग्रेस पार्टी द्वारा नियमित रूप से दिये जा रहे पीने के पानी की सप्लाई की जानकारी भी ली।   इसके बाद उन्होंने शहर में लगे पुलिस नाकों पर तैनात कर्मियों और सिविल अस्पताल में कर्मचारियों को भी फल दिए। उन्होंने कहा कि इस महामारी का सबको मिलकर मुकाबला करना है।            इस मौके पर किसान कांग्रेस नेता राजू मान, पूर्व ब्लॉक प्रधान जोरावर सांगवान,  बलजीत फौगाट, डॉ ओमप्रकाश, रणधीर घिकाड़ा, सुशील धानक, अधिवक्ता आनंद बिजारणिया, देवेंद्र लीला, सुनीता सांगवान, सत्या लेघा, संदीप फौगाट, बिजेंद्र मंदोली, वीरेंद्र वाल्मीक मौजूद थे।