झारखंड में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर रांची में छात्रों के विधानसभा घेराव के तहत जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच हेमंत सोरेन सरकार का बड़ा ऐक्शन सामने आया है। सीआईडी ने जेपीएससी के पूर्व चेयरमैन एल ख्यांग्ते को गिरफ्तार कर लिया है। प्रकरण में CID की ओर से यह 20वीं गिरफ्तारी है। इससे पहले सीआईडी डिप्टी परीक्षा नियंत्रक समेत 19 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
कई बार की जा चुकी है खियांग्ते से पूछताछ
बता दें कि जेपीएससी के अध्यक्ष एल. खियांग्ते ने 22 जुलाई को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। एल. खियांग्ते से 28 जुलाई से कई बार पूछताछ की जा चुकी थी। एक दिन पहले रविवार को झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के तीनों सदस्यों ने इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने अजीता भट्टाचार्य, अनिमा हांसदा और जमाल अहमद के इस्तीफे स्वीकार कर लिए थे।
सीबीआई जांच की मांग पर अड़े प्रदर्शनकारी
सीआईडी ने जेपीएससी के तीनों सदस्यों अजीता भट्टाचार्य, अनिमा हांसदा और जमाल अहमद को कथित पेपर लीक समेत अन्य अनियमितताओं के आरोपों के संबंध में पूछताछ के लिए तलब किया था। तीनों सदस्यों की नियुक्ति सितंबर 2021 में की गई थी। परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर प्रदर्शनकारी सीबीआई जांच की मांग पर अड़े हुए हैं। वहीं प्रकरण में ईडी की भी एंट्री हो चुकी है। ईडी ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रकरण में ईडी की एंट्री
ईडी ने जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा समेत झारखंड की अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों से जुड़े आर्थिक अपराध की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि ED ने झारखंड पुलिस की अपराध जांच विभाग सीआईडी की ओर से दर्ज प्राथमिकी के साथ ही कुछ अन्य शिकायतों का संज्ञान लिया है। ईडी ने धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत पूरे प्रकरण की छानबीन शुरू की है।प्रदर्शनकारियों का विधानसभा मार्च
इस बीच परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर विभिन्न मांगों के साथ विरोध कर रहे हजारों अभ्यर्थियों ने सोमवार को झारखंड विधानसभा की ओर मार्च किया। प्रदर्शनकारी एक के बाद एक कई बैरिकेड को पार करते हुए आगे बढ़े जिसके बाद पुलिस ने उनको रोकने के लिए पानी की बौछारें कीं और लाठीचार्ज किया। बीते 9 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) नेता देवेंद्रनाथ महतो एंबुलेंस में बैठकर मार्च में शामिल हुए।
शिबू सोरेन की तस्वीर लिए नजर आए देवेंद्रनाथ महतो
छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की तस्वीर लिए हुए नजर आए। भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्र नाथ महतो का 10.5 किलोग्राम वजन घट गया है। उन्होंने शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील की। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा रद्द करें या सीबीआई जांच कराएं के नारों वाले पोस्टर ले रखे थे। छात्रों ने कहा कि भले ही हम विधानसभा तक नहीं पहुंच सकते लेकिन हमारी आवाज उन तक पहुंचनी चाहिए।