भजन लाल शर्मा राजस्थान के नए मुख्यमंत्री

रणघोष अपडेट. राजस्थान से 

राजस्थान में अब भजन लाल शर्मा नए मुख्यमंत्री होंगे। जयपुर में भाजपा विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर मोहर लग गई है। दिल्ली से पहुंचे पर्यवेक्षक और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की उपस्थिति में यह बैठक हुई। इसमें विधायक दल के नेता को चुना गया। इसमें भजन लाल शर्मा के नाम का प्रस्ताव राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने रखा जिसे विधायक दल ने सर्वसहमति से उन्हें अपना नेता चुना है। इसके बाद उनके नाम की घोषणा  राजनाथ सिंह ने की है। दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा राजस्थान के उप मुख्यमंत्री बनाए गए हैं। इसके साथ ही दीया कुमारी राजपूत समाज से है जबकि प्रेमचंद बैरवा दलित समाज से आते हैं। माना जा रहा है भाजपा ने इनके जरिये जाति समीकरणों को साधने की कोशिश की है। भजन लाल शर्मा को भाजपा ने राजस्थान में अपने ब्राह्मण चेहरे के तौर पर पेश किया है। इससे पहले छत्तीसगढ़ में आदिवासी और मध्य प्रदेश में ओबीसी मुख्यमंत्री बनाए जाने के बाद यह कयास लगाया जा रहा था कि भाजपा राजस्थान में किसी सवर्ण चेहरे को मुख्यमंत्री बना सकती है। वह सांगानेर से विधायक बने हैं। भजन लाल शर्मा पहली बार जीते हुए विधायक हैं। उन्हें भाजपा ने अपने विधायक का टिकट काट कर चुनाव लड़ाया था। भजन लाल शर्मा भाजपा संगठन से लंबे समय से जुड़े रहे हैं। वह इससे पूर्व राजस्थान में भाजपा के संगठन महामंत्री रह चुके हैं। संगठन में उनके कामकाज को देखते हुए ही भाजपा ने उन्हें यह पद दिया है। राजनैतिक विश्लेषकों के मुताबिक भजन लाल शर्मा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के भी काफी करीबी माने जाते हैं। वह राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और एबीवीपी से भी लंबे समय तक जुड़े रहे हैं। 

विधायक दल का नेता चुने जाने पर भजन लाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान की इस नई टीम के जरिए हम राजस्थान का विकास करेंगे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *