भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने साफ की तस्वीर

2024 के चुनाव में भाजपा सीएम चेहरा मनोहरलाल ही होंगे


रणघोष अपडेट. चंडीगढ़

हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार पत्रकारों से बातचीत में  नायब सिंह सैनी ने कहा कि कार्यकर्ताओं के दम पर ही हरियाणा में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में तीसरी बार डबल इंजन की सरकार बनेगी। सैनी के इस बयान से साफ हो गया कि संगठन के तौर पर मनोहरलाल की राह में आने वाली बाधाओं को समय रहते दूर करने का अभियान शुरू हो गया है।  प्रदेश अध्यक्ष सैनी ने कहा कि छोटे से छोटे कार्यकर्ता को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी देना भाजपा में ही संभव है, इसके लिए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री मनोहर लाल तथा पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का दिल से बहुत-बहुत आभारी रहूंगा। पार्टी नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी मुझे सौंपी है और भरोसा जताया है उस पर सदा 100 प्रतिशत खरा उतरने का प्रयास करूंगा चंडीगढ़ में विधायक दल कार्यालय फ्लैट नंबर-51 में पहुंचे, नायब सिंह सैनी ने सर्वप्रथम कार्यालय पहुंचकर भगवान वाल्मीकि जी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इससे पहले नायब सिंह सैनी प्रदेश अध्यक्ष बनने पर पहली बार सीएम आवास सन्त कबीर कुटीर भी पर पहुंचे और मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि हमारा संगठन पन्ना प्रमुख तक मजबूती के साथ काम रहा है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने संगठन को नीचे तक मजबूत करने का काम किया है। श्री धनखड़ और कार्यकर्ताओं के आशीर्वाद से इसे और गति देते हुए मजबूत करने का काम करेंगे।

देश में नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनें इसमें हमारे कार्यकर्ता अहम भूमिका निभाते हुए दस की दस सीटें जीतकर पीएम मोदी की झोली में डालने का काम करेंगे। कार्यकर्ताओं के दम पर ही हरियाणा में भी मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में तीसरी बार डबल इंजन की सरकार बनेगी। प्रदेश में चल रहे जनसंवाद कार्यक्रम पर बोलते हुए नायब सिंह सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल, हमारे सांसद, विधायक और मंत्री जनसंवाद के जरिए लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर रहे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष झूठ बोलकर के लोगों को बरगलाने का काम कर रहा है और भ्रम पैदा कर रहा है। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने राजस्थान में झूठ बोलकर चुनाव जीता था। राहुल गांधी ने वादा किया था कि शपथ लेने के दस दिनों के अंदर ही किसानों का कर्जा माफ कर दिया जाएग, लेकिन झूठ की नींव पर बनी कांग्रेस सरकार ने कोई कर्जा माफ नहीं किया जिससे तंग आकर लगभग साढ़े चार हजार किसानों ने राजस्थान में आत्महत्या कर ली।  कांग्रेस सरकार ने साढ़े 19 हजार किसानों की जमीन कुर्क कर दी।

इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, कैबिनेट मंत्री डा. बनवारी लाल, मंत्री कमलेश ढांडा, विधायक असीम गोयल, विधायक सुभाष सुधा, प्रदेश मीडिया एवं सोशल मीडिया प्रमुख डा. संजय शर्मा, पंचकूला जिला अध्यक्ष अजय शर्मा, कुरूक्षेत्र जिला अध्यक्ष रवि बतान, कैथल जिला अध्यक्ष अशोक गुर्जर, जींद जिला अध्यक्ष राजू मोर, जिला अध्यक्ष राजेश बतौरा, संजय आहुजा, वरिन्द्र गर्ग, बंतो कटारिया, चेयरमैन कृष्ण लांबा आदि प्रमुख नेता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *