रणघोष अपडेट. मुंबई से
मुंबई में सोमवार देर रात चार मंजिला आवासीय इमारत ढहने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। जबकि 13 अन्य लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि कुर्ला की नाइक नगर सोसायटी में स्थित आवासीय इमारत का एक ‘विंग’ सोमवार देर रात ढह गया। उसके नजदीक स्थित दूसरे ‘विंग’ के गिरने की आशंका भी बनी हुई है। उन्होंने बताया कि घायलों को घाटकोपर तथा सायन के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया हे। बृहन्मुंबई महानगर निगम (बीएमसी) के आयुक्त इकबाल सिंह चहल ने बताया कि तीन लोगों की मौत हो गई है और चार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि नौ अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार देने के बाद छुट्टी दे दी गई। चहल ने बताया कि दमकल विभाग के अनुसार, इमारत के मलबे में सात-आठ लोग ही फंसे हुए थे, जबकि पुलिस को संदेह है कि मलबे के नीचे और लोग हो सकते हैं। चहल ने कहा, ‘‘ मैंने दमकल विभाग और एनडीआरएफ से सावधानी से (खोज एवं बचाव) अभियान चलाने का आह्वान किया है, क्योंकि मलबे के नीचे अब भी कुछ और जिंदा लोग हो सकते हैं।’’राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के एक दल ने मलबे में फंसी एक महिला को जिंदा बाहर निकाला है। अधिकारी ने बताया कि दमकल कर्मी मलबे में फंसे अन्य लोगों की तलाश के लिए बचाव एवं तलाश अभियान चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल कर्मियों के मौके पर पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने उन्हें मलबे में 20 से 22 लोगों के फंसे होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दमकल की करीब 12 गाड़ियों के अलावा, दो बचाव वैन मौके पर तैनात है। दमकल विभाग और एनडीआरएफ के दल नगर निकाय के कर्मचारियों और पुलिस के साथ घटनास्थल पर खोज एवं बचाव अभियान को अंजाम दे रहे हैं। एनडीआरएफ के कमांडेंट अनुपम श्रीवास्तव ने बताया कि उनके दो दल खोज एवं बचाव कार्य में जुटे हैं।